Shyam Dhani Industries IPO: मसाला इंडस्ट्री से जुड़ी उभरती कंपनी 'श्याम धानी इंडस्ट्रीज लिमिटेड' के आईपीओ ने शेयर बाजार में तहलका मचाया हुआ है। बोली लगाने के दूसरे दिन ही इस NSE SME इश्यू को लेकर निवेशकों में जबरदस्त होड़ देखी जा रही है। मंगलवार दोपहर 2 बजे तक यह आईपीओ 169 गुना से भी अधिक सब्सक्राइब हो चुका है। निवेशकों के इस भारी उत्साह का असर इसके GMP पर भी देखने को मिल रहा है। आइए आपको बताते हैं इस आईपीओ की पूरी डिटेल्स।
आईपीओ के पहले ही दिन से इस इश्यू को भरपूर समर्थन मिल रहा है। आज दोपहर 2 बजे तक के ताजा आंकड़ों के अनुसार, रिटेल निवेशकों की कैटेगरी में 90 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका है। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के कोटे में भी जबरदस्त डिमांड देखने को मिली है। यह हिस्सा 77 गुना से अधिक भरा जा चुका है। QIB यानी संस्थागत निवेशकों ने भी पहले दिन 10 गुना से अधिक बोली लगाकर अपनी दिलचस्पी दिखाई है। कुल मिलाकर, 39.38 लाख शेयरों के ऑफर के मुकाबले करोड़ों शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं।
आईपीओ से जुड़ी अहम जानकारियां
इश्यू का साइज: ₹38.49 करोड़, पूरी तरह फ्रेश इश्यू।
प्राइस बैंड: ₹65 से ₹70 प्रति शेयर।
न्यूनतम निवेश: रिटेल निवेशकों को कम से कम 2 लॉट (4,000 शेयर) के लिए आवेदन करना होगा, जिसके लिए ₹2.8 लाख की जरूरत होगी।
अंतिम तारीख: निवेशक 24 दिसंबर तक इस आईपीओ में पैसा लगा सकते हैं।
अलॉटमेंट: शेयरों का अलॉटमेंट 26 दिसंबर को फाइनल होगा।
लिस्टिंग: 30 दिसंबर को एनएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर।
कहां होगा जुटाई गई रकम का इस्तेमाल?
जयपुर बेस्ड यह कंपनी काली मिर्च, काला नमक, चावल, पोहा और कसूरी मेथी जैसे प्रीमियम मसालों और किराने के उत्पादों का निर्यात करती है। कंपनी आईपीओ से मिलने वाली राशि का उपयोग राजस्थान में अपनी मौजूदा निर्माण इकाई में नई मशीनरी लगाने, पुराने कर्ज को चुकाने और अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी।
ग्रे मार्केट में क्या चल रहा है भाव?
आईपीओ मार्केट के विशेषज्ञों के अनुसार, श्याम धनी इंडस्ट्रीज का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹54 के करीब पहुंच गया है। कंपनी ने ₹65 से ₹70 का प्राइस बैंड तय किया है। अगर मौजूदा GMP को आधार माना जाए, तो इसकी लिस्टिंग ₹124 के आसपास हो सकती है। इसका मतलब है कि निवेशकों को पहले ही दिन 77.14% का मोटा मुनाफा होने की संभावना है। हालांकि, इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि GMP अनौपचारिक होता है और केवल बाजार के ट्रेंड को दर्शाता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।