Signature Global IPO : रियल एस्टेट डेवलपर सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) का आईपीओ 20 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी इश्यू के जरिए 730 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। प्राइस बैंड की घोषणा आने वाले दिनों में जल्द ही की जाएगी। इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन समर्थित अफोर्डेबल हाउसिंग कंपनी के आईपीओ के तहत 603 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 127 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत की जाएगी। यह ऑफर 22 सितंबर को बंद हो जाएगा।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) का दिल्ली एनसीआर में अफोर्डेबल और लोवर मिड सेगमेंट हाउसिंग में सबसे बड़ी रियल एस्टेट डेवलपमेंट कंपनी होने का दावा है। कंपनी नेट फ्रेश इश्यू से होने वाली आय में से 432 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान के लिए करेगी। इसके अलावा, शेष फंड का उपयोग भूमि अधिग्रहण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के माध्यम से इनऑर्गेनिक ग्रोथ के लिए किया जाएगा। जून 2023 तक कंपनी के बही-खाते पर बकाया लोन 495.26 करोड़ रुपये और इसकी चार सब्सिडियरी कंपनियों पर 123.86 करोड़ रुपये था।
इश्यू साइज का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित किया गया है और इसका 60 फीसदी तक एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित है। इसके अलावा, इश्यू साइज का शेष 15 फीसदी हिस्सा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए और 10 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए रिजर्व किया गया है।
पिछले साल जुलाई में आईपीओ कागजात दाखिल करते समय इश्यू का आकार 1,000 करोड़ रुपये से कम कर दिया गया था। इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC) की कंपनी में 5.38 फीसदी हिस्सेदारी है। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल और कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया ऑफर के रजिस्ट्रार हैं।
2014 में अपने ऑपरेशन की शुरुआत के बाद से कंपनी ने दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में 27,965 रेसिडेंशियल और कमर्शियल यूनिट्स बेची हैं। इसके तहत मार्च वित्त वर्ष 2023 तक कुल बिक्री योग्य क्षेत्र 189 लाख वर्ग फीट है। FY21-FY23 के दौरान इसकी बिक्री (नेट ऑफ कैंसेलेशन) 42.46 फीसदी की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़कर 3,430.6 करोड़ रुपये हो गई है।
कंपनी की अधिकांश कंप्लीट प्रोजेक्ट्स, चल रहे प्रोजेक्ट्स और आगामी प्रोजेक्ट्स हरियाणा के गुरुग्राम और सोहना में स्थित हैं। मार्च वित्त वर्ष 23 तक इस एरिया में 88.49 फीसदी बिक्री योग्य क्षेत्र स्थित है। इसके लगभग सभी प्रोजेक्ट्स AHP (अफोर्डेबल हाउसिंग पॉलिसी) या DDJAY - APHP (दीन दयाल जन आवास योजना - अफोर्डेबल प्लॉटेड हाउसिंग पॉलिसी) के तहत शुरू की गई हैं।
आईपीओ दस्तावेजों के मुताबिक कंपनी ने मार्च FY23 को समाप्त वर्ष के लिए 63.7 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लॉस दर्ज किया, जो एक साल पहले 115.5 करोड़ रुपये से कम हो गया है। लेकिन कंपनी का परिचालन से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 901.3 करोड़ रुपये से तेजी से बढ़कर 1,553.6 करोड़ रुपये हो गया। सिग्नेचर ग्लोबल में प्रमोटरों के पास 78.36 फीसदी शेयर हैं और शेष 21.64 फीसदी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास हैं, जिनमें आईएफसी, एचसीएआर, डीकेएल ब्रोकिंग एंड इंफ्रा एलएलपी और क्रेडिबल निवेश शामिल हैं।