एलॉन मस्क की कंपनी SpaceX ने अपने IPO का प्राइस 135 डॉलर प्रति शेयर पर फिक्स कर दिया है। रॉकेट, स्पेसक्राफ्ट, सैटेलाइट बनाने वाली SpaceX अब दुनिया की सबसे कीमती कंपनियों में शामिल हो गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, IPO में 55.55 करोड़ शेयरों की बिक्री से रिकॉर्ड 75 अरब डॉलर जुटाए गए। इससे कंपनी की वैल्यूएशन 1.77 लाख करोड़ डॉलर आंकी गई। SpaceX का इश्यू दुनिया में अब तक का सबसे बड़ा इश्यू रहा।
इस वैल्यूएशन के साथ कंपनी जेपी मॉर्गन चेज, बर्कशायर हैथवे, एली लिली, मेटा प्लेटफॉर्म्स और मस्क की अपनी कंपनी टेस्ला जैसी दिग्गज कंपनियों से भी आगे निकल गई है। अब शुक्रवार, 12 जून को Nasdaq पर SpaceX के शेयरों की लिस्टिंग होगी।
सऊदी अरामको का टूटा रिकॉर्ड
SpaceX IPO ने सऊदी अरामको के IPO का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। स्पेसएक्स से पहले सऊदी अरामको का इश्यू सबसे बड़ा IPO था। रॉयटर्स के मुताबिक, इसने दिसंबर 2019 में रियाद एक्सचेंज पर 25.6 अरब डॉलर जुटाए थे और कंपनी की वैल्यूएशन 1.71 लाख करोड़ डॉलर आंकी गई थी। SpaceX के मामले में अगर अंडरराइटर अतिरिक्त शेयर बेचने के अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हैं तो कंपनी की 1.77 लाख करोड़ डॉलर की वैल्यूएशन और बढ़ सकती है। यह फैसला आमतौर पर ऑफरिंग के 30 दिनों के अंदर लिया जाता है।
इससे पहले खबर आई थी कि कंपनी अपने IPO का 30 प्रतिशत तक हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखने पर विचार कर रही है। इसका मकसद मस्क के फॉलोअर्स की बड़ी संख्या का फायदा उठाना और कंपनी की ओनरशिप को बढ़ाना है।
एलॉन मस्क बनने वाले हैं ट्रिलियेनेयर
SpaceX के मालिक एलॉन मस्क की दौलत बढ़कर 982.6 अरब डॉलर से ज्यादा हो गई है। यह आंकड़ा फोर्ब्स रियल टाइम बिलियेनेयर इंडेक्स का है। SpaceX IPO की बदौलत वह दुनिया के पहले ट्रिलियेनेयर बनने के करीब हैं। एक दिन पहले से उनकी नेट वर्थ में 12.6 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।