एलॉन मस्क की कंपनी SpaceX 75 अरब डॉलर का मेगा IPO लाने की तैयारी में है। कंपनी ने बैंकों को बताया है कि वह इसके लिए इश्यू प्राइस के तौर पर 135 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर ही आगे बढ़ेगी। इसका खुलासा कंपनी ने हाल ही में संशोधित IPO फाइलिंग में किया। यह बात रॉयटर्स को सूत्रों से पता चली है। कंपनी का यह फैसला इस बात का ताजा संकेत है कि एलॉन मस्क अपनी पसंद के अनुसार अब तक का सबसे बड़ा IPO लाने जा रहे हैं और वॉल स्ट्रीट की परंपरा को बदल रहे हैं।
आमतौर पर ऐसा होता नहीं है कि निवेशकों के सामने प्रेजेंटेशन और बुकबिल्डिंग से पहले कोई कंपनी IPO के लिए एक निश्चित प्राइस सेट करे। शेयर बाजार में लिस्ट होने की योजना बनाने वाली कंपनियां आमतौर पर वैल्यूएशन की उम्मीदों को तय करने और निवेशकों की मांग के आधार पर कीमत को एडजस्ट करने की अनुमति देने के लिए एक प्राइस रेंज निर्धारित करती हैं। मजबूत मांग फाइनल इश्यू प्राइस को इस रेंज के ऊपरी स्तर तक, या उससे भी ऊपर ले जा सकती है।
SpaceX ने गुरुवार से निवेशकों के साथ मीटिंग शुरू कीं। हालांकि कंपनी की योजनाएं निवेशकों संग मीटिंग के साथ बदल भी सकती हैं। पब्लिक इश्यू के साइज में भी बदलाव संभव है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि SpaceX के पब्लिक इश्यू के लिए मांग बहुत ज्यादा है। IPO पर काम कर रहे एनालिस्ट्स को निवेशकों से रोज 20 तक कॉल आ रहे थे।
1.75 लाख करोड़ डॉलर वैल्यूएशन पर नजर
इससे पहले रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया कि कंपनी अपने पब्लिक इश्यू में 55.56 करोड़ शेयर बेचने की योजना बना रही है। नजर 1.75 लाख करोड़ डॉलर की वैल्यूएशन पर है। SpaceX अपने IPO का 30 प्रतिशत तक हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखने पर विचार कर रही है। इसका मकसद मस्क के फॉलोअर्स की बड़ी संख्या का फायदा उठाना और कंपनी की ओनरशिप को बढ़ाना है।
IPO में रह सकते हैं केवल नए शेयर
रॉयटर्स के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि IPO में हो सकता है कि केवल नए शेयर जारी किए जाएं। ऐसा हुआ तो इससे मिलने वाला सारा पैसा कंपनी के पास जाएगा और SpaceX के मौजूदा शेयरहोल्डर IPO में अपना एक भी शेयर नहीं बेच पाएंगे। कंपनी नैस्डेक पर 12 जून को लिस्ट हो सकती है। IPO के लिए गोल्डमैन सैक्स, मॉर्गन स्टेनली, BofA सिक्योरिटीज, सिटीग्रुप और J.P. मॉर्गन बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।