ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) 2024 में अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) ला सकती है। कंपनी काफी समय से अपने IPO के लिए तैयारी कर रही है। हालांकि बीच में उसने शेयर बाजार में जारी भारी उतार-चढ़ाव को देखते हुए इस प्रक्रिया को रोक दी थी। हालांकि न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने शुक्रवार 25 अगस्त को एक रिपोर्ट में बताया कि कंपनी ने IPO के वैल्यूएशन का आकलन करने के लिए एक बार फिर से बैंकरों के साथ बातचीत शुरू की है। स्विगी, रेस्टोरेंट्स से फूड के अलावा ग्रॉसरी आइटम्स भी डिलीवर करती है। जापान की दिग्गज इनवेस्टमेंट फर्म, सॉफ्टबैंक ने भी इसमें निवेश किया हुआ है।
स्विगी ने आखिरी बार साल 2022 में 10.7 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर फंड जुटाया था। हालांकि इसने फंडिंग की किल्लत और अधिक वैल्यूएशन को लेकर निवेशकों की चिंताओं के बीच, कई दूसरे भारतीय स्टार्टअप्स की तरह ही अपने IPO योजना को टाल दिया था।
रिपोर्ट में सूत्रों ने बताया कि ग्लोबल और भारतीय बाजारों में तेजी लौटने के बाद स्विगी ने अपने IPO योजना पर फिर से काम शुरू कर दिया है। उसने 8 इनवेस्टमेंट बैंकरों को आईपीओ पर काम करने के लिए सिंतबर की शुरुआत में आमंत्रित किया है। इनमें मॉर्गन स्टेनली, जेपी मॉर्गन और बैंक ऑफ अमेरिका आदि शामिल हैं।
मामले से सीधे वाकिफ एक सूत्र ने रिपोर्ट में बताया कि Swiggy अपने आईपीओ के लिए 10.7 अरब डॉलर के आखिरी वैल्यूएशन को बेंचमार्क के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। हालांकि सूत्र ने यह भी कहा कि कंपनी ने अभी तक संभावित हिस्सेदारी बिक्री या अंतिम वैल्यूएशन पर कोई फैसला नहीं किया है।
स्विगी की मॉइनॉरिटी शेयरधारक इनवेस्को (Invesco) ने मई में इसका वैल्यूएशन करीब 5.5 अरब डॉलर आंका था। 2022 में स्विगी के IPO प्लान पर काम करने वाले बैंकिंग सूत्रों ने बताया कि स्विगी ने शुरू में IPO के जरिए 80 करोड़ से 1 अरब डॉलर जुटाने पर विचार किया था।
रिपोर्ट में तीन और सूत्रों ने भी कहा कि स्विगी जुलाई-सितंबर 2024 के बीच IPO लाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। स्विगी की प्रतिद्वंदी कंपनी जोमैटो (Zomato) पहले से शेयर बाजार में सूचीबद्ध है और उसके शेयरों में इस साल अब तक 54.8% की तेजी आई है, जो इस बात का संकेत है कि निवेशकों का विश्वास बाजारों में लौट रहा है।