Syrma SGS Technology IPO : इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी Syrma SGS Technology का इश्यू 12 अगस्त को खुल रहा है। शेयर बाजार के भारी उतारचढ़ाव के बीच 80 दिनों के बाद कोई IPO बाजार में आ रहा है। कंपनी का इश्यू आज खुला और 18 अगस्त को बंद होगा। Syrma SGS Technology इश्यू से कुल 840 करोड़ रुपए जुटाने वाली है। इसमें से 766 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू है। जबकि 33.69 लाख शेयर कंपनी की प्रमोटर वीणा कुमारी टंडन (Veena Kumari Tandon) बेच रही हैं।
इश्यू खुलने से एक दिन पहले कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स से 252 करोड़ रुपए जुटा लिए हैं। कंपनी ने अपने एंकर इनवेस्टर्स को 220 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से 114,56,261 इक्विटी दिए हैं। इस हिसाब से कंपनी ने कुल 252.04 करोड़ रुपए जुटाए लिए हैं।
Syrma SGS Technology के एंकर इनवेस्टर्स में नोमुरा, कुबेर इंडिया फंड, BNP पारिबा आर्बिट्राज, आदित्य बिड़ला सनलाइफ इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड, इडलवाइज म्यूचुअल फंड और IDFC MF शामिल हैं।
Syrma SGS Technology के इश्यू का प्राइस बैंड 209-220 रुपए है। कंपनी के इश्यू का एक लॉट 68 शेयरों का है। रिटेल निवेशक कम से कम 14,960 रुपए और ज्यादा से ज्यादा 1,94,480 रुपए निवेश करेंगे।
क्या इश्यू में निवेश करना ठीक है?
शेयर इंडिया सिक्योरिटीज के वीपी और हेड (रिसर्च) रवि सिंह ने कहा, सिरमा इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज में काम करती है और इस सेगमेंट का आउटलुक पॉजिटिव है। कंपनी ऊंचे मार्जिन वाले प्रोडक्ट्स पर जोर दे रही है। IPO की वैल्यूएशन के लिहाज से अच्छी कीमत है और इनवेस्टर्स मीडियम से लॉग्न टर्म के लिहाज से इसमें निवेश कर सकते हैं।
Syrma SGS Technology का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) आज 15 रुपए चल रहा है। इस हिसाब से कंपनी का इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 235 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। हालांकि, स्टॉक मार्केट एनालिस्ट्स ने GMP के आधार पर निवेश के फैसले को लेकर आईपीओ के निवेशकों को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि GMP एक गैर आधिकारिक डाटा है।
क्या है कंपनी का कारोबार?
Syrma SGS Technology एक टेक्नोलॉजी फोकस्ड इंजीनियरिंग और डिजाइन कंपनी है जो टर्नकी इलेक्ट्रोनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग सर्विसेस कारोबार में है। इसके अलावा कंपनी ऑटोमोटिव , हेल्थकेयर, कंज्यूमर प्रोडक्ट जैसे सेक्टरों को भी अपनी इंजीनियरिंग और डिजाइन सेवाएं देती है। उसके हिमाचल, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में 11 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। उसकी तमिलनाडु, हरियाणा और जर्मनी में आरएंडडी फैसिलिटीज भी है ।
डैम कैपिटल, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और आईआईएफएल सिक्योरिटीज को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है।
कैसे रहे हैं कंपनी के नतीजे
Syrma ने मजबूत रेवेन्यू और कामकाजी प्रदर्शन से मार्च- 2022 में खत्म वित्त वर्ष के दौरान 16.6% की सालाना ग्रोथ के साथ 76.46 करोड़ रुपये का प्रोफोर्मा प्रॉफिट दर्ज किया था। वहीं प्रोफोर्मा रेवेन्यू 43 फीसदी बढ़कर 1,266.6 करोड़ रुपये हो गया।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
Syrma SGS Technology फ्रेश इश्यू से जुटाए गए फंड का इस्तेमाल कामकाजी जरूरतों को पूरा करने, मैन्युफैक्चरिंग और R&D को बढ़ाने में करेगी। इसके अलावा दूसरी कारोबारी जरूरतों और लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए फंड का इस्तेमाल होगा।