100 साल से भी अधिक पुराने तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक (Tamilnad Mercantile Bank) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) अगले कुछ दिनों में खुलने वाला है। यह देश के सबसे पुराने प्राइवेट सेक्टर बैंकों में से एक है। आईपीओ खुलने से पहले ही तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के शेयर अनलिस्टेड मार्केट में ट्रेड करने लगे हैं। बाजारा जानकारों के मुताबिक तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) फिलहाल 40 रुपये है। आइए जानते हैं इश इश्यू के बारे में पूरी डिटेल
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक (Tamilnad Mercantile Bank) का आईपीओ सोमवार 5 सितंबर को खुलेगा और बुधवार 7 सितंबर 2022 को बंद होगा। हालांकि एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 2 सितंबर को खुलेगा। कंपनी ने अपने शेयरों का 500-525 रुपये के प्राइस बैंड तय किया है और वह इस इश्यू से करीब 832 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। जुटाई गए पैसों का इस्तेमाल भविष्य में कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए टियर-1 पूंजी को बढ़ाने में किया जाएगा।
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के शेयरों का अलॉटमेंट 12 सितंबर को होगा और इसकी बीएसई व एनएसई पर लिस्टिंग 15 सितंबर को हो सकती
न्यूनतम 14,700 रुपये करना होगा निवेश
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के शेयरों के लिए निवेशक लॉट में बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में 28 शेयर होंगे। इस तरह 525 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से कम से कम 14700 रुपये का निवेश करना होगा। इश्यू के तहत 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स (QIB), 15 फीसदी हिस्सा एनआईआई (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स) और 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये है।
ग्रे मार्केट प्रीमियम से क्या मिल रहा संकेत
बाजार जानकारों के मुताबिक, तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के शेयर गुरुवार को ग्रे मार्केट में 40 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे थे। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को फिलहाल तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के शेयरों के इसके 525 रुपये के ऊपरी इश्यू प्राइस से 40 रुपये अधिक यानी 565 रुपये पर लिस्ट होने की उम्मीद है। यह इसके इश्यू प्राइस से करीब 7.6 फीसदी अधिक है।
हालांकि जानकारों ने यह भी चेतावनी दी कि निवेशकों को सिर्फ ग्रे मार्केट के संकेतों के आधार पर पैसा नहीं निवेश करना चाहिए क्योंकि यह एक अनौपचारिक मार्केट है, जिसके आंकड़े कभी और किसी भी समय बदल सकते हैं। इसकी जगह वह निवेशकों को कंपनी के फंडामेंटल्स और वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर निवेश का फैसला लेने की सलाह देते हैं।
Tamilnad Mercantile Bank के बारे में
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक करीब 100 साल पुराना बैंक है और इसकी स्थापना 1921 में हुई थी। यह बैंक माइक्रो, स्माल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (MSMEs), किसानों और खुदरा ग्राहकों को बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज मुहैया कराता है। 31 मार्च 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इसके 509 ब्रांच और 50.8 ग्राहक हैं. तमिलनाड मे 369 ब्रांच के अलावा यह बैंक देश के 15 अन्य राज्यों व 4 केंद्र शासित प्रदेशों में भी मौजूद है।
बैंक के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका ग्रॉस एनपीए वित्त वर्ष 2022 में सालाना आधार पर 3.44 फीसदी से सुधरकर 1.69 फीसदी और नेट एनपीए 1.98 फीसदी से 0.95 फीसदी पर आ गया। चालू खाते और बचत खाते में डिपॉजिट का अनुपात CASO Ratio भी सुधरकर सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 में 28.52 फीसदी से 30.5 फीसदी हो गया। प्रॉफिट की बात करें तो इसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 36 फीसदी उछलकर 821.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया और ब्याज से होने वाली नेट इनकम 18 फीसदी की उछाल के साथ 1815.23 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।