Credit Cards

Tata Capital को Tata Motors Finance के विलय पर NCLT की मंजूरी का इंतजार, उसके बाद फाइल करेगी IPO का ड्राफ्ट

Tata Capital IPO: टाटा कैपिटल को RBI की ओर से अपर लेयर NBFC का दर्जा दिया गया है। RBI के आदेश के अनुसार, अपर लेयर NBFC के लिए यह मान्यता मिलने के 3 साल के अंदर शेयर बाजारों में लिस्ट होना जरूरी है। टाटा कैपिटल को सितंबर, 2022 में अपर लेयर NBFC के रूप में क्लासिफाई किया गया था

अपडेटेड Mar 09, 2025 पर 12:08 PM
Story continues below Advertisement
Tata Capital IPO के तहत 2.3 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे।

Tata Capital IPO: फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी टाटा कैपिटल, NCLT (नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल) से टाटा मोटर्स फाइनेंस के विलय की मंजूरी मिलने के बाद IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल कर सकती है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी को इसके लिए NCLT के अंतिम आदेश का इंतजार है। टाटा कैपिटल के IPO का साइज करीब 2 अरब डॉलर (17,000 करोड़ रुपये से ज्यादा) होगा। इस साइज के बेसिस पर कंपनी की वैल्यूएशन करीब 11 अरब डॉलर बैठेगी।

सूत्रों ने कहा कि टाटा मोटर्स फाइनेंस के विलय पर NCLT से फाइनल ऑर्डर चालू वित्त वर्ष 2024-25 के अंत तक मिल सकता है। जून 2024 में टाटा कैपिटल, टाटा मोटर्स फाइनेंस और टाटा मोटर्स के बोर्ड ने NCLT स्कीम ऑफ अरेंजमेंट के माध्यम से टाटा मोटर्स फाइनेंस के टाटा कैपिटल के साथ विलय को मंजूरी दी थी। विलय के तहत टाटा कैपिटल, टाटा मोटर्स फाइनेंस के शेयरहोल्डर्स को अपने इक्विटी शेयर जारी करेगी। इसके चलते टाटा मोटर्स के पास नई उभरने वाली एंटिटी में 4.7 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने इस विलय को सितंबर 2024 में मंजूरी दी थी।

अपर लेयर NBFC है टाटा कैपिटल


टाटा संस, टाटा कैपिटल की होल्डिंग कंपनी है। इसके पास टाटा कैपिटल में 92.83 प्रतिशत हिस्सेदारी है। टाटा कैपिटल को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से अपर लेयर NBFC (नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी) का दर्जा दिया गया है। RBI के आदेश के अनुसार, अपर लेयर NBFC के लिए यह मान्यता मिलने के 3 साल के अंदर शेयर बाजारों में लिस्ट होना जरूरी है। टाटा कैपिटल को सितंबर, 2022 में अपर लेयर NBFC के रूप में क्लासिफाई किया गया था।

टाटा कैपिटल को IPO के लिए अपने बोर्ड की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। IPO के तहत 2.3 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा कुछ मौजूदा शेयरहोल्डर्स की ओर से ऑफर फॉर सेल (OFS) भी रहेगा। टाटा कैपिटल ने पब्लिक लिस्टिंग से पहले अपनी वित्तीय स्थिति को और मजबूत करने के लिए राइट्स इश्यू के जरिए फंड जुटाने की भी घोषणा की है। इससे पहले टाटा ग्रुप की टाटा टेक्नोलोजिज की लिस्टिंग नवंबर, 2023 में हुई थी।

UP की Fujiyama Power Systems ने फिर बनाया IPO का प्लान, SEBI के पास ड्राफ्ट दोबारा जमा; रहेंगे ₹600 करोड़ के नए शेयर

एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज भी ला रही है IPO

टाटा कैपिटल के अलावा एक और अपर लेयर NBFC एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज भी IPO लाने की तैयारी कर रही है। यह HDFC Bank के मालिकाना हक वाली कंपनी है। कंपनी ने अक्टूबर 2024 में IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर फाइल किए थे। यह पब्लिक इश्यू से 12,500 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।