Tata Tech IPO: करीब 20 साल बाद टाटा ग्रुप (Tata Group) की एक और कंपनी लिस्ट होने की तैयारी कर रही है। बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने ग्रुप की टाटा टेक (Tata Tech) को आईपीओ लाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी ने सेबी के पास इसका ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) मार्च में फाइल किया था। सेबी के पास दाखिल ड्राफ्ट के मुताबिक इस इश्यू के तहत कोई भी नया शेयर नहीं जारी होगा और ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत शेयरों की बिक्री होगी। इससे पहले आखिरी बार 2004 में टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) लिस्ट हुई थी।
Tata Group के Tata Tech IPO के बारे में डिटेल्स
टाटा टेक के आईपीओ पेपर्स के मुताबिक इस ऑफर फॉर सेल इश्यू के तहत कंपनी के प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स 9.57 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे। इसमें से टाटा मोटर्स की 8.11 करोड़, अल्फा टीसी होल्डिंग्स की 97.2 लाख और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड-1 की 48.6 लाख शेयरों को बेचने की योजना है। टाटा मोटर्स की टाटा टेक में 74.69 फीसदी, अल्फा टीसी होल्डिंग्स की 7.26 फीसदी और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड 1 की 3.63 फीसदी हिस्सेदारी है। इस इश्यू के लिए जेएम फाइनेंशियल, बोफा सिक्योरिटीज और सिटी ग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया लीड मैनेजर हैं।
दो और IPO को मिली SEBI की मंजूरी
सेबी ने टाटा टेक के साथ-साथ एसबीएफसी फाइनेंस (SBFC Finance) और गांधार ऑयल रिफाइनरी (Gandhar Oil Refinery) के इश्यू को भी मंजूरी दी है। एसबीएफसी फाइनेंस ने मार्च में आईपीओ के लिए आवेदन किया था। इसका आईपीओ 1200 करोड़ रुपये का है जिसके तहत 750 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करने की है और बाकी 450 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री होगी। इस इश्यू के लिए आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल और कोटक महिंद्रा कैपिटल लीड मैनेजर्स हैं।
वहीं गांधार ऑयल रिफाइनरी की बात करें तो इसने सेबी के पास पिछले साल दिसंबर 2022 में पेपर फाइल किया था। इस आईपीओ के तहत 357 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और ओएफएस विंडो के तहत 1.2 करोड़ शेयरों की बिक्री होगी। यह कंपनी सफेद तेल बनाती है जिसका इस्तेमाल फार्मा और कॉस्मेटिक इंडस्ट्री में होता है। सफेद तेल रंगहीन, गंधहीन और स्वादहीन होता है। इस इश्यू के लिए एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज मर्चेंट बैंकर्स हैं।