TBO Tek IPO: ऑनलाइन ट्रैवल डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म टीबीओ टेक का आईपीओ 8 मई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इंडेजीन के बाद मई में खुलने वाला यह दूसरा आईपीओ होगा। निवेशकों के पास इसमें 10 मई तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड की घोषणा इस हफ्ते के अंत तक कर सकती है। एंकर निवेशकों के लिए यह पब्लिक इश्यू 7 मई को खुलेगा। आईपीओ के तहत 13 मई तक सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा। इक्विटी शेयर 14 मई तक निवेशकों के डीमैट अकाउंट्स में क्रेडिट कर दिए जाएंगे।
TBO Tek IPO से जुड़ी डिटेल
पब्लिक इश्यू में कंपनी 400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। इसके अलावा, प्रमोटरों और निवेशकों द्वारा 1,25,08,797 इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। प्रमोटर गौरव भटनागर, मनीष ढींगरा और एलएपी ट्रैवल ओएफएस के माध्यम से 52.12 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे, जबकि निवेशक टीबीओ कोरिया और ऑगस्टा टीबीओ 72.96 लाख शेयर बेचेंगे।
ट्रैवल डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म में प्रमोटरों की 51.26 फीसदी हिस्सेदारी है और 46.43 फीसदी शेयर पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास हैं। इसके अलावा, नॉन-प्रमोटर नॉन-पब्लिक शेयरहोल्डर TBO ESOP ट्रस्ट के पास 2.31 फीसदी शेयरहोल्डिंग है। ऑगस्टा टीबीओ 19.53 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सबसे बड़ा पब्लिक शेयरहोल्डर है। इसके बाद प्राइवेट इक्विटी फर्म जनरल अटलांटिक के पास 15 फीसदी हिस्सेदारी और टीबीओ कोरिया के पास 11.06 फीसदी शेयर हैं।
कंपनी ने पब्लिक इश्यू का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए और शेष 10 फीसदी शेयर खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित रखा है। एक्सिस कैपिटल, गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज, जेफरीज इंडिया और जेएम फाइनेंशियल इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
TBO Tek कहां करेगी फंड का इस्तेमाल
गौरव भटनागर और अंकुश निझावन टीबीओ टेक के फाउंडर हैं। कंपनी का दावा है कि वह FY23 में जीटीवी और ऑपरेशन से रेवेन्यू के मामले में ग्लोबल ट्रैवल और टूरिज्म इंडस्ट्री में लीडिंग ट्रैवल डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफार्मों में से एक है। कंपनी नए बायर्स और सप्लायर्स को जोड़कर अपनी ग्रोथ और प्लेटफॉर्म को मजबूत करने के लिए फंड में से 260 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करेगी। इसके अलावा, 40 करोड़ रुपये का उपयोग अज्ञात इनऑर्गेनिक अधिग्रहणों के लिए किया जाएगा और शेष फंड का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए होगा।
कैसा है TBO Tek का फाइनेंशियल
टीबीओ टेक एसेट-लाइट बिजनेस मॉडल में काम करती है और इसने हेल्दी ग्रोथ दर्ज की है। कंपनी का मुनाफा मार्च FY23 को समाप्त वर्ष में सालाना आधार पर 340 फीसदी बढ़कर 148.5 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, इसका रेवेन्यू पिछले साल के मुकाबले 120.3 फीसदी बढ़कर 1,064.6 करोड़ रुपये हो गया है।
दिसंबर 2023 को समाप्त नौ महीने की अवधि में कंपनी ने पहले ही अपने FY23 के मुनाफे को पार कर लिया और 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की इनकम दर्ज की। नेट प्रॉफिट सालाना 28.2 फीसदी बढ़कर 154.2 करोड़ रुपये हो गया और रेवेन्यू पिछले वित्त वर्ष 2023 की नौ महीने की अवधि की तुलना में 30.7 फीसदी बढ़कर 1,023.8 करोड़ रुपये हो गया।