दमदार ऑर्डर बुक और 5x सब्सक्रिप्शन! Technocraft Ventures IPO में दांव लगाने से पहले देख लें लेटेस्ट GMP

Technocraft Ventures IPO GMP: यह इश्यू 7 अगस्त को खुला था और आज, 11 अगस्त को बंद हो रहा है। कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड ₹200 से ₹212 प्रति शेयर तय किया है। यह आईपीओ 14 अगस्त 2026 को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने के लिए प्रस्तावित है

अपडेटेड Aug 11, 2026 पर 11:19 AM
गैर-संस्थागत निवेशकों का हिस्सा सबसे ज्यादा 7.48 गुना सब्सक्राइब हुआ है

Technocraft Ventures IPO: वेस्टवाटर ट्रीटमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी टेक्नोलॉजी क्राफ्ट वेंचर्स के आईपीओ को सब्सक्राइब करने का आज, 11 अगस्त आखिरी दिन है। निवेशकों की ओर से इस आईपीओ को लेकर काफी मजबूत प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। NSE के आंकड़ों के मुताबिक, बिडिंग के तीसरे और अंतिम दिन सुबह 10:08 बजे तक यह आईपीओ 5.15 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

कैसा है तीसरे दिन का सब्सक्रिप्शन स्टेटस?

कंपनी के ₹251.88 करोड़ के इस आईपीओ में कुल 83,17,190 शेयरों की पेशकश की गई है, जिसके मुकाबले अब तक 4,27,94,080 इक्विटी शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं:


गैर-संस्थागत कोटा(NII): गैर-संस्थागत निवेशकों का हिस्सा सबसे ज्यादा 7.48 गुना सब्सक्राइब हुआ है।

रिटेल कोटा: रिटेल निवेशकों का कोटा 4.52 गुना भरा है।

आईपीओ के तहत कंपनी 95.05 लाख नए इक्विटी शेयर जारी कर रही है। इसके अलावा, प्रोमोटर संस्था कार्तिकेय कंस्ट्रक्शंस द्वारा 23.76 लाख शेयरों की बिक्री(OFS) की जा रही है।

यह इश्यू 7 अगस्त को खुला था और आज, 11 अगस्त को बंद हो रहा है। कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड ₹200 से ₹212 प्रति शेयर तय किया है। यह आईपीओ 14 अगस्त 2026 को बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) पर लिस्ट होने के लिए प्रस्तावित है।

एंकर इन्वेस्टर्स से जुटाए थे ₹75.55 करोड़

कंपनी ने आईपीओ खुलने से ठीक एक दिन पहले, 6 अगस्त को एंकर इन्वेस्टर्स से ₹75.55 करोड़ जुटाए थे। एंकर बुक में एलआरएसडी सिक्योरिटीज, विकास इंडिया ईआईएफ I फंड, नक्षत्र भारत एडवांटेज फंड और वीनस स्टेलर फंड जैसे नाम शामिल हैं।

कंपनी फ्रेश इश्यू से मिलने वाले शुद्ध आय में से ₹150 करोड़ का इस्तेमाल अपनी कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और बाकी रकम का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

शानदार वित्तीय प्रदर्शन और ऑर्डर बुक

Technocraft Ventures ने वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) में दमदार प्रदर्शन दर्ज किया है। FY26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 53.6% बढ़कर ₹43.3 करोड़ पर पहुंच गया, जो FY25 में ₹28.2 करोड़ था। वहीं इसी दौरान ऑपरेशन्स से राजस्व 23.4% बढ़कर ₹345 करोड़ रहा (FY25 में ₹279.6 करोड़)।

15 जुलाई 2026 तक कंपनी के पास ₹1,320.7 करोड़ की एक मजबूत ऑर्डर बुक मौजूद है, जिसमें संबंधित परियोजनाओं के पूरा होने के बाद एक्सीक्यूट होने वाले ऑपरेशन और मेंटेनेंस (O&M) अनुबंध शामिल हैं।

कंपनी के बारे में जानिए

Technocraft Ventures मुख्य रूप से उत्तर और मध्य भारत में राज्य सरकारों और सरकारी एजेंसियों के लिए जल आपूर्ति, अपशिष्ट जल उपचार और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का निर्माण करती है। वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी के कुल राजस्व का लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा वाटर और वेस्टवाटर प्रोजेक्ट्स से आया है, जबकि सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं का योगदान लगभग 13 प्रतिशत रहा।

ग्रे मार्केट प्रीमियम से कितने लिस्टिंग गेन का संकेत?

इन्वेस्टरगेन के आंकड़ों के मुताबिक, 11 अगस्त को Technocraft Ventures IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹30 पर कारोबार कर रहा है। अपर प्राइस बैंड ₹212 और ₹30 जीएमपी को जोड़ें, तो शेयर की अनुमानित लिस्टिंग ₹242 के आसपास हो सकती है। इस हिसाब से निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 14.15 फीसदी का प्रीमियम या मुनाफा मिलने का संकेत मिल रहा है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।