IPOs: ये हैं 2023 के 5 सबसे धाकड़ आईपीओ, जिन्हें मिला वो एक दिन में ही बन गए अमीर

IPOs: साल 2023 में आईपीओ की धूम रही। कुल 57 कंपनियों ने बीते साल मेनबोर्ड IPO के जरिए अपने शेयर सूचीबद्ध कराए। इन IPOs का कुल साइज करीब 49,000 करोड़ रुपये था। इस साल सेंसेक्स और निफ्टी ने भी निवेशकों को करीब 19 प्रतिशत का रिटर्न दिया। साल 2024 अभी शुरू ही हुआ है और अभी ही कम से कम 27 कंपनियां अपना आईपीओ लाने के लिए लाइन में लगी हुई हैं

अपडेटेड Jan 01, 2024 पर 2:13 PM
IPOs: टाटा टेक ने लिस्टिंग के दिन अपने निवेशकों को 162.85% का बंपर मुनाफा कराया

IPOs: साल 2023 में आईपीओ की धूम रही। कुल 57 कंपनियों ने बीते साल मेनबोर्ड IPO के जरिए अपने शेयर सूचीबद्ध कराए। इन IPOs का कुल साइज करीब 49,000 करोड़ रुपये था। इस साल सेंसेक्स और निफ्टी ने भी निवेशकों को करीब 19 प्रतिशत का रिटर्न दिया। साल 2024 अभी शुरू ही हुआ है और अभी ही कम से कम 27 कंपनियां अपना आईपीओ लाने के लिए लाइन में लगी हुई हैं। ये कंपनियां करीब 29,000 करोड़ रुपये जुटाएंगी और इन्हें सेबी से आईपीओ लाने की मंजूरी भी मिल गई है। इस बीच हम यहां साल 2023 के उन 5 IPOs के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने लिस्टिंग के दिन अपने निवेशकों को सबसे अधिक मुनाफा कराया।

1. टाटा टेक्नोलॉजीज (Tata Technologies)

टाटा टेक ने लिस्टिंग के दिन अपने निवेशकों को 162.85 पर्सेंट का बंपर मुनाफा कराया। कंपनी ने आईपीओ से कुल 3.043 करोड़ रुपये जुटाए। 22 से 24 नवंबर तक खुले इस IPO में 500 रुपये प्रति शेयर के भाव पर शेयरों को लॉन्च किया गया था। कंपनी के शेयर 30 नवंबर को लिस्ट हुए थे और फिलहाल अपने इश्यू प्राइस से करीब 136% ऊपर कारोबार कर रहे हैं। यह टाटा मोटर्स की सहायक कंपनी है। टाटा टेक्नोलॉजीज एक ग्लोबल इंजीनियरिंग सर्विसेज कंपनी है जो ओरिजनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) और उनके टियर 1 सप्लायर्स को सेवाएं मुहैया कराती है।

2. आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी (ideaForge Technology)


इस आईपीओ ने लिस्टिंग के दिन निवेशकों को 93% का शानदार मुनाफा कराया था। इसके IPO प्राइस 672 रुपये था, जबकि लिस्टिंग के दिन इसका शेयर बढ़कर 1,296 रुपये पर पहुंच गया था। यह आईपीओ 26 जून से 30 जून के बीच खुला था। कंपनी ने आईपीओ से करीब 106 करोड़ रुपये जुटाए। कंपनी के शेयर 7 जुलाई को लिस्ट हुए थे और फिलहाल यह अपने आईपीओ प्राइस से करीब 23% ऊपर 862 रुपये प्रति शेयर के भाव पर कारोबार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- एक खबर से 6% तक उछला सरकारी कंपनी BHEL का शेयर, छुआ 1 साल का नया हाई

3. उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक (Utkarsh Small Finance Bank)

उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक ने लिस्टिंग के दिन 105% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया। यह आईपीओ 12 से 14 जुलाई के बीच खुला था और इसने करीब 500 करोड़ रुपये जुटाए। आईपीओ का प्राइस बैंड 23-25 रुपये प्रति शेयर था और यह 21 जुलाई को लिस्ट हुआ था। इस IPO को 111 गुना से भी ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला था। अभी भी इसके शेयर लिस्टिंग प्राइस के पास कारोबार कर रहे हैं।

4. इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (IREDA)

यह 2023 में चौथा सबसे अधिक मुनाफा कराने वाला आईपीओ रहा। लिस्टिंग के दिन ही इस शेयर का भाव 60% से अधिक बढ़ गया था। कंपनी के शेयर 21 से 23 नवंबर के बीच खुले थे। कंपनी से आईपीओ से करीब 2,150 करोड़ रुपये जुटाए और इसका इसका इश्यू प्राइस 32 रुपये था। इसे करीब 38.8 गुना अधिक सब्सक्रिप्शन मिला था। पीएसयू स्टॉक्स की बढ़ी मांग के चलते यह शयेर लिस्टिंग के बाद अपने इश्यू प्राइस से करीब 240% तक ऊपर चला गया था।

5. मोतीसंस ज्वैलर्स (Motisons Jewellers)

मोतीसंस ज्वैलर्स लिमिटेड के आईपीओ ने लिस्टिंग के दिन अपने निवेशकों को 84% का मुनाफा दिया। कंपनी का आईपीओ 18 से 20 दिसंबर के बीच खुला था। कंपनी ने करीब 151 करोड़ रुपये जुटाए। आईपीओ का ओवरऑल सब्सक्रिप्शन 173.23 गुना रहा था। इसका प्राइस बैंड 52 से 55 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। यह जयपुर की एक फेमस ज्वैलरी ब्रांड है, जो गोल्ड, डायमंड और कुंदन की ज्वैलरी का काम करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।