Upcoming IPO: AI बेस्ड सर्विलांस और टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी Transline Technologies Ltd IPO लाने की तैयारी में है। कंपनी को 22 जनवरी 2026 को SEBI की नियामक टिप्पणियां मिली थीं। अब कंपनी IPO लाने की तैयारी तेज कर रही है। प्रस्तावित IPO में नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। इसके बजाय मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 1.62 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेचेंगे।
कंपनी के शेयर BSE और NSE पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है। IPO का प्राइस बैंड, सब्सक्रिप्शन की तारीखें और लॉट साइज का अभी ऐलान नहीं हुआ है। इश्यू के लिए Motilal Oswal Investment Advisors को बुक-रनिंग लीड मैनेजर और Bigshare Services को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
क्या करती है Transline Technologies?
साल 2001 में स्थापित Transline Technologies का मुख्यालय नई दिल्ली में है। कंपनी चार प्रमुख क्षेत्रों में काम करती है। इनमें वीडियो सर्विलांस, बायोमेट्रिक और आइडेंटिटी मैनेजमेंट, IT इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी से जुड़ी सेवाएं शामिल हैं।
कंपनी सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (PSU) और बड़े कारोबारों को टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस देती है। इसके प्रमुख ग्राहक क्षेत्रों में रेलवे, स्मार्ट सिटी, तेल और गैस तथा IT शामिल हैं। इसकी सिस्टम इंटीग्रेशन प्रोजेक्ट्स के साथ वार्षिक मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट, सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन और मैनेज्ड सर्विसेज से भी कमाई होती है।
AI और सर्विलांस के लिए अपने सॉफ्टवेयर
Transline Technologies के मुताबिक, उसने अपने कुछ सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म भी डेवलप किए हैं। इनमें StorePulse AI आधारित वीडियो एनालिटिक्स के लिए है। CamStore वीडियो को कंप्रेस करने और स्टोरेज को बेहतर बनाने में मदद करता है।
वहीं, CheckCam CCTV नेटवर्क की निगरानी करता है। कंपनी को सरकारी और संस्थागत टेक्नोलॉजी प्रोजेक्ट्स में दो दशक से ज्यादा का अनुभव है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।