TruAlt Bioenergy IPO: भारत की सबसे बड़ी बायो फ्यूल उत्पादकों में से एक ट्रूअल्ट बायोएनर्जी अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया है। इस आईपीओ में फ्रेश इश्यू के साथ ही ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। इसमें 750 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटरों द्वारा 36 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए होगी। ट्रूअल्ट बायोएनर्जी के प्रमोटर ध्रक्षयानी संगमेश निरानी और संगमेश रुद्रप्पा निरानी ऑफर-फॉर-सेल में 18-18 लाख शेयर बेचेंगे।
TruAlt Bioenergy IPO से जुड़ी डिटेल
TruAlt Bioenergy में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 88.20 फीसदी है और शेष 11.8 फीसदी हिस्सेदारी चार्टर्ड फाइनेंस एंड लीजिंग और विकास इंडिया EIF I फंड सहित पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है। डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।
बेंगलुरु स्थित यह कंपनी रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल करने से पहले प्राइवेट प्लेसमेंट, राइट्स इश्यू, प्रेफरेंशियल ऑफर या किसी अन्य तरीके से 150 करोड़ रुपये जुटा सकती है। अगर ऐसा होता है है, तो नए इश्यू का साइज कम हो जाएगा।
TruAlt Bioenergy कहां करेगी फंड का इस्तेमाल
ट्रूअल्ट बायोएनर्जी आईपीओ से मिलने वाले फंड में से 172.68 करोड़ रुपये का इस्तेमाल मल्टी-फीड स्टॉक ऑपरेशन स्थापित करने के लिए करेगी। इसके अलावा, 425 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
TruAlt Bioenergy के बारे में
TruAlt Bioenergy का मुकाबला बलरामपुर चीनी मिल्स, त्रिवेणी इंजीनियरिंग और डालमिया भारत जैसी कंपनियों से है। कंपनी का इरादा अक्टूबर 2024 तक तीन जगहों पर अपनी इथेनॉल प्रोडक्शन क्षमताओं को 600 केएलपीडी तक बढ़ाकर 2,000 केएलपीडी की कुल क्षमता तक ले जाने का है।
ट्रूअल्ट बायोएनर्जी मार्च 2024 तक 1400 किलो लीटर प्रति दिन (KLPD) की कुल उत्पादन क्षमता के साथ स्थापित क्षमता के आधार पर भारत की सबसे बड़ी इथेनॉल उत्पादक होने का दावा करती है। वित्त वर्ष 2024 में इथेनॉल उत्पादन क्षमता के मामले में इसकी बाजार हिस्सेदारी 3.7 फीसदी के साथ सबसे बड़ी है।
TruAlt Bioenergy का फाइनेंशियल
ट्रूअल्ट बायोएनर्जी को पहले ट्रूअल्ट एनर्जी के नाम से जाना जाता था। कंपनी ने मार्च 2024 को समाप्त वित्त वर्ष में 31.8 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष के 35.5 करोड़ रुपये से कम है, जबकि अन्य आय हेल्दी है, रेवेन्यू अधिक है और ऑपरेटिंग नंबर्स मजबूत है। कंपनी का रेवेन्यू उसी अवधि के 762.4 करोड़ रुपये से तेजी से बढ़कर 1,223.4 करोड़ रुपये हो गया। FY24 में कंपनी का EBITDA पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 160 बीपीएस बढ़कर 15.4 फीसदी हो गया, जबकि मार्जिन 79 फीसदी बढ़कर 188 करोड़ रुपये हो गया।