TVS Supply Chain IPO : 18 अगस्त को हो सकता है शेयरों का अलॉटमेंट, सब्सक्रिप्शन के बाद ग्रे मार्केट में सुस्ती

TVS Supply Chain के आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में सुस्ती देखी जा रही है। सब्सक्रिप्शन के बाद यह इश्यू आज महज 3 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 200 रुपये के भाव पर हो सकती है

अपडेटेड Aug 15, 2023 पर 10:04 PM
टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के आईपीओ को दलाल स्ट्रीट में निवेशकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिली है।

TVS Supply Chain IPO: टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के आईपीओ को दलाल स्ट्रीट में निवेशकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिली है। 880 करोड़ रुपये के इस इश्यू को कुल मिलाकर 2.78 गुना सब्सक्राइब किया गया है। सब्सक्रिप्शन के बाद अब निवेशकों की निगाह शेयर अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है। IPO के तहत सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 18 अगस्त को होगा। इस बीच ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों को लेकर सुस्ती देखने को मिल रही है। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 187-197 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था।

ग्रे मार्केट में सुस्ती

TVS Supply Chain के आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट में सुस्ती देखी जा रही है। सब्सक्रिप्शन के बाद यह इश्यू आज महज 3 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 200 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को महज 1.52 फीसदी का मुनाफा होगा।


जरूरी डेट्स

18 अगस्त को शेयरों के अलॉटमेंट के बाद असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू हो जाएगी। सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में 22 अगस्त को शेयर क्रेडिट हो जाएंगे। शेड्यूल के मुताबिक कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 23 अगस्त को होगी।

2.78 गुना सब्सक्राइब हुआ था इश्यू

10 अगस्त से 14 अगस्त के दौरान यह इश्यू 2.78 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ में सबसे ज्यादा दिलचस्पी रिटेल निवेशकों ने दिखाई है। इश्यू को 6.99 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं, जबकि ऑफर पर 2.51 करोड़ शेयर हैं। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के हिस्से को 1.35 गुना और नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के हिस्से को 2.35 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इसके अलावा, रिटेल निवेशकों का हिस्सा 7.61 गुना सब्सक्राइब हुआ है।

कंपनी के बारे में

चेन्नई स्थित TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस राजस्व और राजस्व वृद्धि के मामले में भारतीय लिस्टेड सप्लाई चेन सॉल्यूशंस कंपनियों के बीच भारत की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती इंटीग्रेटेड सप्लाई चेन सॉल्यूशन प्रोवाइडर होने का दावा करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।