TVS Supply Chain Solutions IPO : अंतिम दिन तक 2.78 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू, ग्रे मार्केट में बिगड़ी हालत

TVS Supply Chain Solutions IPO : इस आईपीओ में सबसे ज्यादा दिलचस्पी रिटेल निवेशकों ने दिखाई है। इश्यू को 6.99 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं, जबकि ऑफर पर 2.51 करोड़ शेयर हैं। कंपनी 18 एंकर निवेशकों से 396 करोड़ रुपये पहले ही जुटा चुकी है

अपडेटेड Aug 14, 2023 पर 9:52 PM
TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के आईपीओ को आज 14 अगस्त को निवेशकों की अच्छी-खासी प्रतिक्रिया मिली है।

TVS Supply Chain Solutions IPO : TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के आईपीओ को आज 14 अगस्त को निवेशकों की अच्छी-खासी प्रतिक्रिया मिली है। सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक यह आईपीओ 2.78 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इस आईपीओ में सबसे ज्यादा दिलचस्पी रिटेल निवेशकों ने दिखाई है। इश्यू को 6.99 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं, जबकि ऑफर पर 2.51 करोड़ शेयर हैं। कंपनी 18 एंकर निवेशकों से 396 करोड़ रुपये पहले ही जुटा चुकी है। कंपनी का इरादा इस इश्यू के जरिए 880 करोड़ रुपये जुटाने का है।

अलग-अलग कैटेगरी में कितना मिला सब्सक्रिप्शन

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 1.35 गुना

नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) - 2.35 गुना


रिटेल इन्वेस्टर्स - 7.61 गुना

टोटल - 2.78 गुना

ग्रे मार्केट में घटा क्रेज

TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के शेयरों की ग्रे मार्केट में डिमांड घटी है। कुछ दिनों पहले तक यह इश्यू 15 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था, जो कि घटकर महज 3 रुपये पर आ गया है। इस आईपीओ के लिए कंपनी ने 187-197 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 200 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 1.52 फीसदी का मुनाफा होगा।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के आईपीओ के तहत 600 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 280 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। इसके तहत 22 सेलिंग शेयरहोल्डर शेयर बेचेंगे। ऑफशोर प्राइवेट इक्विटी फंड टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड एलपी की सब्सिडियरी कंपनी ओमेगा टीसी होल्डिंग्स पीटीई लिमिटेड ओएफएस में बड़ी सेलिंग शेयरहोल्डर है। इसके द्वारा 211.47 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जाएंगे। वहीं, टाटा कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज 19.4 करोड़ रुपये के शेयर बेचेगी।

कंपनी के बारे में

चेन्नई स्थित TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस राजस्व और राजस्व वृद्धि के मामले में भारतीय लिस्टेड सप्लाई चेन सॉल्यूशंस कंपनियों के बीच भारत की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती इंटीग्रेटेड सप्लाई चेन सॉल्यूशन प्रोवाइडर होने का दावा करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।