TVS Supply Chain Solutions IPO : 10 अगस्त को खुलेगा 880 करोड़ का आईपीओ, रिस्क फैक्टर्स समेत तमाम डिटेल

TVS Supply Chain Solutions IPO : TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के आईपीओ के तहत 600 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 280 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। इसके तहत 22 सेलिंग शेयरहोल्डर शेयर बेचेंगे

अपडेटेड Aug 09, 2023 पर 6:06 PM
TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस का आईपीओ कल यानी 10 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है।

TVS Supply Chain Solutions IPO : TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस का आईपीओ कल यानी 10 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशक इस इश्यू में 14 अगस्त तक निवेश कर सकेंगे। वहीं, एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 9 अगस्त को खुल जाएगा। यह पिछले 25 सालों में ग्रुप का पहला आईपीओ होगा। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 187-197 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 880 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। यहां हमने इससे जुड़ी तमाम डिटेल दी है।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के आईपीओ के तहत 600 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 280 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। इसके तहत 22 सेलिंग शेयरहोल्डर शेयर बेचेंगे। ऑफशोर प्राइवेट इक्विटी फंड टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड एलपी की सब्सिडियरी कंपनी ओमेगा टीसी होल्डिंग्स पीटीई लिमिटेड ओएफएस में बड़ी सेलिंग शेयरहोल्डर है। इसके द्वारा 211.47 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जाएंगे। वहीं, टाटा कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज 19.4 करोड़ रुपये के शेयर बेचेगी।


अन्य सेलिंग शेयरहोल्डर में दिनेश नारायण, टीवीएस मोटर कंपनी, सरगुनराज रविचंद्रन, कोटक स्पेशल सिचुएशंस फंड, एंड्रयू जोन्स, पीडी कृष्णा प्रसाद, रामलिंगम शंकर, नागेश नागराजन, एथिराजन बालाजी और वेणुगोपाल मुरली शामिल हैं। इनमें एंड्रयू जोन्स, एथिराजन बालाजी और केके प्रकाश कंपनी से बाहर हो जाएंगे।

फ्रेश इश्यू से होने वाले फंड का इस्तेमाल मुख्य रूप से 525 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी फंड का उपयोगा होगा। ओएफएस का पैसा बेचने वाले शेयरधारकों के पास जाएगा।

लॉट साइज

इस आईपीओ के लिए मिनिमम लॉच साइज 76 इक्विटी शेयरों का है। और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। यानी रिटेल निवेशकों को कम से कम 14,972 रुपये का निवेश करना होगा। अधिकतम 13 लॉट के लिए आवेदन किया जा सकता है। एंकर बुक सहित क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए ऑफर साइज का 75 फीसदी तक आरक्षित किया गया है, जबकि हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल (नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशक) और रिटेल निवेशकों के लिए आईपीओ में 15 फीसदी और 10 फीसदी आरक्षण है।

जरूरी डेट्स

आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 21 अगस्त को होगा। इक्विटी शेयर 23 अगस्त तक पात्र निवेशकों के डीमैट अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। असफल निवेशकों के बैंक खातों में 22 अगस्त तक रिफंड जमा कर दिया जाएगा। आईपीओ शेड्यूल के अनुसार, टीवीएस सप्लाई चेन 24 अगस्त को बीएसई और एनएसई पर डेब्यू करेगी। एक्सपर्ट्स ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इसके आईपीओ शेयर ग्रे मार्केट में अपर प्राइस बैंड से 15 फीसदी प्रीमियम पर उपलब्ध हैं।

कंपनी के बारे में

चेन्नई स्थित TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस राजस्व और राजस्व वृद्धि के मामले में भारतीय लिस्टेड सप्लाई चेन सॉल्यूशंस कंपनियों के बीच भारत की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती इंटीग्रेटेड सप्लाई चेन सॉल्यूशन प्रोवाइडर होने का दावा करती है।

ये हैं रिस्क फैक्टर्स

कंपनी को फॉरेन करेंसी एक्सचेंज रेट में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ता है क्योंकि एवरेज 73 फीसदी राजस्व फॉरेंन करेंसी में दर्शाया गया है। कंपनी बहुत कंपीटीटिव इंडस्ट्री में काम करती है और प्रतिस्पर्धा करने या ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने में कोई भी विफलता बिजनेस को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकती है। कंपनी अपने राजस्व का एक बड़ा हिस्सा कुछ इंडस्ट्री से जुड़े ग्राहकों से प्राप्त करती है। वित्त वर्ष 2023 में इंडस्ट्रियल सेगमेंट ने 35 फीसदी, ऑटोमोटिव ने 23.2 फीसदी और टेक और टेक इन्फ्रा और कंज्यूमर ने इसके राजस्व में लगभग 12 फीसदी का योगदान दिया। कंपनी, प्रमोटरों और सब्सिडियरी कंपनियों के खिलाफ लंबित मुकदमेबाजी चल रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।