Ecommerce firm Udaan : बिजनेस टू बिजनेस (B2B) ईकॉमर्स फर्म उड़ान (Udaan) के सीईओ वैभव गुप्ता ने कहा कि कंपनी की मई, 2023 तक अपना आईपीओ (IPO) लॉन्च करने की योजना है। इकोनॉमिक टाइम्स के साथ हुई बातचीत में उन्होंने यह जानकारी देते हुए कहा कि 2022 के अंत तक उड़ान आईपीओ के लिए तैयार हो जाएगी और हर तिमाही में उसके ग्रॉस मार्जिन में सुधार देखने को मिल रहा है।
100 दिन में दोगुना हुआ कंपनी का मार्जिन
वैभव गुप्ता ने कहा, “हम अगले साल मई में IPO लाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। बिजनेस, टीम और कैपिटल के लिहाज से मुझे लगता है कि हम अच्छा काम कर रहे हैं।”
गुप्ता ने कहा कि पिछले 100-120 दिनों में हमारा ग्रॉस मार्जिन दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा, “शुरू के 3-4 साल में विस्तार देखा। अब पिछली दो तिमाहियों से हम अपने यूनिट इकोनॉमिक्स पर ध्यान दे रहे हैं। इस अवधि में यह कंपनी की सबसे बड़ी प्रोग्रेस है।”
हर तिमाही बढ़ रहा है प्रॉफिट
बीते साल सितंबर में गुप्ता की नियुक्ति के समय उड़ान ने कहा था कि उसकी अगले 18-24 महीनों में IPO लाने की योजना है। गुप्ता ने कहा, “यह एक बड़ा बाजार है और हम मजबूत स्थिति में हैं, मैनेजमेंट टीम मजबूत है। तिमाही हमारे आंकड़े और प्रॉफिट सुधर रहा है। मुझे लगता है कि हम अपना आईपीओ लाने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने कहा, आईपीओ के लिए 6 से 12 महीने सही हैं। अगर बाजार में उतार-चढ़ाव रहता है तो कुछ हफ्ते की देरी हो सकती है।
उड़ान एक सिंगापुर हेडक्वार्टर वाली कंपनी है, इसलिए विदेश में लिस्टिंग करानी पड़ सकती है। हालांकि इस पर अभी तक विचार चल रहा है।
उड़ान ने अपने हर कर्मचारी को इम्प्लाई स्टॉक ऑप्शंस (Esop) देने का ऐलान किया है। साथ ही कंपनी ने अपनी पॉलिसी में अहम बदलाव किया है, जिसके तहत वे न्यूनतम एक साल के बजाय हर तिमाही में स्टॉक ले सकते हैं। एक वर्ष की अवधि की शर्त कई स्टार्टअप्स में सामान्य है। कंपनी ने कहा, इसके बाद उड़ान के ईसॉप होल्डरस्स की संख्या चार गुनी हो गई है और अब उसके 100 फीसदी कर्मचारियों के पास ईसॉप हैं। उसके कर्मचारियों की संख्या लगभग 4,600 है।