Unicommerce IPO: स्नैपडील और सॉफ्टबैंक के निवेश वाली कंपनी यूनीकॉमर्स ई-सॉल्यूशन्स ने एंकर निवेशकों से 124.5 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। कंपनी ने यह रकम आईपीओ खुलने से एक दिन पहले एंकर बुक के जरिए जुटाई है। एक्सचेंज फाइलिंग में नई दिल्ली स्थित कंपनी ने कहा कि उसने 11 एंकर निवेशकों को 108 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की कीमत पर 1,15,23,831 इक्विटी शेयरों का आवंटन किया है। यह आईपीओ कल यानी 6 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशकों के पास इसमें 8 अगस्त तक निवेश का मौका रहेगा।
Unicommerce Esolutions IPO: इन एंकर निवेशकों ने किया निवेश
मॉर्गन स्टेनली, SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, HDFC म्यूचुअल फंड, कोटक महिंद्रा ट्रस्टी और निप्पॉन म्यूचुअल फंड ने 14 करोड़ रुपये मूल्य के 12.96 लाख इक्विटी शेयर खरीदे हैं। आदित्य बिड़ला सन लाइफ ट्रस्टी, द प्रूडेंशियल एश्योरेंस कंपनी, फ्रैंकलिन इंडिया टेक्नोलॉजी फंड, डीएसपी मल्टीकैप फंड और हाई कन्विक्शन फंड ने 8.09 करोड़ रुपये मूल्य के 7.49 लाख शेयर खरीदे हैं।
यूनिकॉमर्स ने कहा, "एंकर निवेशकों को आवंटित 1,15,23,831 इक्विटी शेयरों में से 87,29,328 इक्विटी शेयर कुल 10 स्कीम्स के माध्यम से आठ घरेलू म्यूचुअल फंडों को आवंटित किए गए।"
Unicommerce Esolutions IPO से जुड़ी डिटेल
यूनीकॉमर्स ई-सॉल्यूशन्स के लिए प्राइस बैंड 102-108 करोड़ रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। लॉट साइज 138 शेयर है। कंपनी 276.57 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 13 अगस्त को होगी। यूनिकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस की शुरुआत 2012 में हुई थी। 2015 में इसे स्नैपडील ने खरीद लिया।
यह सॉफ्टवेयर-एज-ए-सर्विस (SaaS) प्लेटफॉर्म, ब्रांड्स, सेलर्स और लॉजिस्टिक्स प्रोवाइडर्स के लिए ई-कॉमर्स ऑपरेशंस मैनेज करता है। IPO में केवल 2.56 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। इसका मतलब है कि IPO से मिलने वाले पैसे, OFS में शेयर बिक्री करने वाले शेयरहोल्डर्स के पास जाएंगे। कंपनी को कोई अमाउंट नहीं मिलेगा। कंपनी के प्रमोटर AceVector Limited (पुराना नाम Snapdeal), Starfish I Pte. Ltd, कुणाल बहल और रोहित कुमार बंसल हैं। IPO में स्नैपडील 94.38 लाख शेयरों को बेचना चाहती है। वहीं सॉफ्टबैंक 1.61 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी।