Upcoming IPO: शेयर बाजार में जल्द ही एक और सोलर पैनल कंपनी की एंट्री होती दिख सकती है। गुजरात मुख्यालय वाली कंपनी 'कॉस्मिक पीवी पावर (Cosmic PV Power)' ने अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की तैयारी में जुट गई है। कंपनी ने 20 मार्च को सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के पास अपना आईपीओ आवेदन दाखिल कर दिया है। इस प्रस्तावित IPO के जरिए कंपनी कुल 640 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
कंपनी का IPO दो हिस्सों में होगा। इसमें ₹540 करोड़ के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि ₹100 करोड़ का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) होगा। OFS के तहत प्रमोटर्स और मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। इनमें जेनिशकुमार दीपककुमार घेल, चाणक्य अपॉर्च्युनिटीज फंड, RPV होल्डिंग्स और शुभलक्ष्मी पॉलिएस्टर्स जैसे निवेशक शामिल हैं।
इसके अलावा, कंपनी IPO से पहले ₹108 करोड़ तक का फंड प्री-IPO राउंड के जरिए भी जुटा सकती है।
IPO से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा कंपनी के विस्तार योजनाओं में लगाया जाएगा। कंपनी लगभग ₹497.1 करोड़ का उपयोग मध्य प्रदेश के नरमदापुरम में नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के लिए करेगी। बाकी रकम का इस्तेमाल दूसरे सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।
कॉस्मिक PV पावर ने साल 2021 में अपना मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशन शुरू किया था। शुरुआत में कंपनी की क्षमता 100 मेगावाट थी, जो अब बढ़कर 3 गीगावाट (GW) प्रति वर्ष हो चुकी है। कंपनी तीन प्रमुख बिजनेस वर्टिकल्स में काम करती है। सोलर पीवी मॉड्यूल, EPC सेवाएं और एल्युमिनियम फ्रेम्स।
फिलहाल कंपनी के पास सूरत (गुजरात) में दो अत्याधुनिक ऑटोमेटेड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं, जहां 420WP से लेकर 750WP तक के सोलर मॉड्यूल बनाए जाते हैं।
फाइनेंशियल परफॉर्मेंस में तेज ग्रोथ
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन भी मजबूत रहा है। सितंबर 2025 तक के छह महीने में कंपनी ने ₹181.6 करोड़ का रेवेन्यू और ₹12.8 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का मुनाफा लगभग चार गुना बढ़कर ₹24.4 करोड़ हो गया, जो पिछले साल ₹6.5 करोड़ था। इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू भी 2.5 गुना बढ़कर ₹245.1 करोड़ पहुंच गया, जो एक साल पहले ₹99.9 करोड़ था।
कड़े कॉम्पिटीशन वाला सेक्टर
सोलर एनर्जी सेक्टर में कॉम्पिटीशन लगातार बढ़ रहा है। कॉस्मिक PV पावर का मुकाबला वारी एनर्जीज, प्रीमियर एनर्जीज, विक्रम सोलर, एमवी फोटोवोल्टिक पावर और सोलेक्स एनर्जी जैसी कंपनियों से है, जिनमें से कई पिछले डेढ़ साल में शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं।
इस IPO के लिए सिस्टमेटिक्स कॉर्पोरेट सर्विसेज और वाल्मीकि लीला कैपिटल को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।