Upcoming IPO: IGI, Ecom Express समेत 7 कंपनियां लाएंगी आईपीओ, SEBI से मिली मंजूरी
Upcoming IPO: ब्लैकस्टोन के स्वामित्व वाली इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (IGI) ने 22 अगस्त को SEBI के पास आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। कंपनी का इरादा 4000 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस आईपीओ के तहत 1250 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे
MoneyControl News
अपडेटेड Dec 02, 2024 पर 8:13 PM
IPO: मार्केट रेगुलेटर सेबी ने 7 कंपनियों के आईपीओ को फंड जुटाने के लिए मंजूरी दे दी है।
Upcoming IPO: आईपीओ निवेशकों के लिए जरूरी खबर है। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने 7 कंपनियों के आईपीओ को फंड जुटाने के लिए मंजूरी दे दी है। इन कंपनियों में इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, ईकॉम एक्सप्रेस, स्मार्टवर्क्स कोवर्किंग स्पेस, ट्रुअल्ट बायोएनर्जी, कैरारो इंडिया, कॉनकॉर्ड एनवायरो सिस्टम और वेंटीव हॉस्पिटैलिटी शामिल हैं।
मार्केट रेगुलेटर ने 26 नवंबर को कॉनकॉर्ड एनवायरो सिस्टम, 27 नवंबर को ट्रुअल्ट बायोएनर्जी और 29 नवंबर को ईकॉम एक्सप्रेस और कैरारो इंडिया को ड्राफ्ट पेपर्स पर ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया है। वहीं, इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, स्मार्टवर्क्स कोवर्किंग स्पेस और वेंटीव हॉस्पिटैलिटी को 28 नवंबर को उनके आईपीओ पेपर्स पर ऑब्जर्वेशन लेटर हुए हैं। ऑब्जर्वेशन लेटर मिलने के मतलब है कि कंपनी इसके एक साल के भीतर आईपीओ लॉन्च कर सकती है।
IGI IPO
ब्लैकस्टोन के स्वामित्व वाली इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (IGI) ने 22 अगस्त को SEBI के पास आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। कंपनी का इरादा 4000 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस आईपीओ के तहत 1250 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। इसके अलावा, 2750 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए की जाएगी। IGI लैब में तैयार होने वाले और नेचुरल डायमंड को ग्लोबल सर्टिफिकेशन इश्यू करती है।
Ecom Express IPO
ईकॉम एक्सप्रेस आईपीओ के माध्यम से 2600 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसने 15 अगस्त को सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल किए थे। कंपनी में वारबर्ग पिंकस, पार्टनर्स ग्रुप और ब्रिटिश इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट का निवेश है। इस आईपीओ के तहत 1,284.5 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, प्रमोटरों और निवेशकों द्वारा 1315.5 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री OFS के जरिए की जाएगी।
Smartworks Coworking Spaces IPO
स्मार्टवर्क्स कोवर्किंग स्पेस ने आईपीओ के जरिए फंड जुटाने के लिए 14 अगस्त को ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया था। इस आईपीओ के तहत 550 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा इक्विटी शेयरधारकों द्वारा 67.59 लाख शेयरों की बिक्री OFS के जरिए की जाएगी।
इसका मुकाबला ऑफिस स्पेस सॉल्यूशंस के साथ होगा। कंपनी की उपस्थिति 13 शहरों (बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, गुरुग्राम, मुंबई, नोएडा और चेन्नई सहित) में है, जिसमें 41 केंद्र शामिल हैं, जिनका कुल SBA (सुपर बिल्ट-अप एरिया) मार्च 2024 तक 8 मिलियन वर्ग फीट है।
TruAlt Bioenergy IPO
भारत के सबसे बड़े बायो फ्यूल उत्पादकों में से एक ट्रूअल्ट बायोएनर्जी ने आईपीओ के माध्यम से धन जुटाने के लिए 16 अगस्त को कागजात दाखिल किए थे। इसके आईपीओ में 750 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, इसमें प्रमोटर ध्रक्षयानी संगमेश निरानी और संगमेश रुद्रप्पा निरानी द्वारा 36 लाख शेयरों का OFS शामिल है।
बेंगलुरु स्थित इस कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 88.20 फीसदी है और शेष 11.8 फीसदी हिस्सेदारी चार्टर्ड फाइनेंस एंड लीजिंग और विकास इंडिया ईआईएफ आई फंड सहित पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।
Carraro India IPO
इटली के कैरारो ग्रुप के स्वामित्व वाली कैरारो इंडिया भी आईपीओ के माध्यम से धन जुटाने की योजना बना रही है। इसने 23 अगस्त को रेगुलेटर के पास कागजात दाखिल किया था। एग्रीकल्चरल ट्रैक्टर्स और कंस्ट्रक्शन व्हीकल के लिए एक्सल और ट्रांसमिशन सिस्टम बनाने वाली कंपनी कैरारो इंडिया IPO के जरिए 1811.65 करोड़ रुपये जुटाएगी।
इस आईपीओ में प्रमोटर कैरारो इंटरनेशनल एसई द्वारा OFS के जरिए शेयरों की बिक्री की जाएगी। वहीं, इसमें फ्रेश इश्यू जारी नहीं होंगे, जिसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय सेलिंग शेयरहोल्डर्स को जाएगी।
Concord Enviro System IPO
कॉनकॉर्ड एनवायरो सिस्टम्स ने 27 अगस्त को सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया था। इस आईपीओ में 192.3 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 51.94 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री OFS के जरिए की जाएगी।
वाटर और वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली इस कंपनी में एएफ होल्डिंग्स निवेशक है, जिसके पास 39.07 फीसदी हिस्सेदारी है। यह 47.4 लाख इक्विटी शेयर OFS के जरिए बेचेगी। वहीं, शेष 4.54 लाख शेयर गोयल फैमिली द्वारा बेचे जाएंगे। मुंबई स्थित इस कंपनी में प्रमोटर गोयल फैमिली की 60.93 फीसदी हिस्सेदारी है।
Ventive Hospitality IPO
पुणे स्थित वेंटिव हॉस्पिटैलिटी, पंचशील रियल्टी और ब्लैकस्टोन के बीच एक ज्वाइंट वेंचर है। कंपनी पब्लिक इश्यू के माध्यम से 2000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसने 10 सितंबर को सेबी के पास अपने आईपीओ के लिए कागजात दाखिल किए थे।
यह आईपीओ पूरी तरह से फ्रेश इश्यू पर बेस्ड है। इसकी सभी हॉस्पिटैलिटी एसेट्स मैरियट, हिल्टन, माइनर और एटमॉस्फियर सहित ग्लोबल ऑपरेटरों द्वारा संचालित की जाती हैं। इसके पोर्टफोलियो में भारत और मालदीव में 11 ऑपरेशनल हॉस्पिटैलिटी एसेट्स शामिल हैं।