Upcoming IPO : 3 कंपनियों के आईपीओ को SEBI की हरी झंडी, क्या है इनका प्लान

जिन कंपनियों के आईपीओ आने वाले हैं उनमें में एग्री-इनपुट मैन्युफैक्चरर Nova Agritech, सर्वर मेकर Netweb Technologies India और सीवरेज सॉल्यूशन प्रोवाइडर EMS शामिल हैं। इन तीनों कंपनियों ने मार्च और अप्रैल 2023 के बीच सेबी के पास अपने कागजात दाखिल किए थे

अपडेटेड Jul 05, 2023 पर 10:07 PM
मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने तीन कंपनियों को आईपीओ के माध्यम से फंड जुटाने के लिए मंजूरी दे दी है।

Upcoming IPO : आईपीओ निवेशकों के लिए जरूरी खबर है। मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने तीन कंपनियों को आईपीओ के माध्यम से फंड जुटाने के लिए मंजूरी दे दी है। इन कंपनियों में एग्री-इनपुट मैन्युफैक्चरर Nova Agritech, सर्वर मेकर Netweb Technologies India और सीवरेज सॉल्यूशन प्रोवाइडर EMS शामिल हैं। इन तीनों कंपनियों ने मार्च और अप्रैल 2023 के बीच सेबी के पास अपने कागजात दाखिल किए थे। इन्हें 26-30 जून के दौरान रेगुलेटर से ऑब्जर्वेशन लेटर मिला है। आईपीओ लाने से पहले किसी भी कंपनी के लिए ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल करना जरूरी होता है।

Nova Agritech IPO

ड्राफ्ट पेपर के अनुसार नोवा एग्रीटेक के आईपीओ के तहत 140 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, शेयरधारक नुटालापति वेंकटसुब्बाराव के 77,58,620 इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।


फ्रेश इश्यू से प्राप्त 14.20 करोड़ रुपये के फंड का इस्तेमाल सब्सिडियरी कंपनी नोवा एग्री साइंसेज में एक नया फॉर्मूलेशन प्लांट स्थापित करने के लिए किया जाएगा। वहीं, नोवा एग्रीटेक द्वारा कैपिटल एक्सपेंडिचर की फंडिंग और इसके मौजूदा फॉर्मूलेशन प्लांट के विस्तार के लिए 10.49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा, 26.69 करोड़ रुपये का इस्तेमाल नोवा एग्रीटेक की वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। नोवा एग्री साइंसेज में निवेश के लिए 56.74 करोड़ रुपये का उपयोग होगा। वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट्स और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी फंड का इस्तेमाल होगा।

Netweb Technologies India IPO

सर्वर मेकर Netweb Technologies India के आईपीओ के तहत 257 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटर्स द्वारा 85 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री OFS के तहत की जाएगी। ओएफएस के तहत शेयर बेचने वालों में संजय लोढ़ा, विवेक लोढ़ा, नवीन लोढ़ा, नीरज लोढ़ा और अशोक बजाज ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

EMS IPO

सीवरेज सॉल्यूशन प्रोवाइडर EMS के आईपीओ के तहत 180 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटर रामवीर सिंह द्वारा 82.94 लाख शेयरों की बिक्री OFS के तहत की जाएगी। फिलहाल सिंह के पास कंपनी की 97.81 फीसदी हिस्सेदारी है। फ्रेश इश्यू से प्राप्त फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों और अन्य सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।