Samhi Hotels और Motisons Jewellers के IPO को SEBI की मंजूरी, जानिए क्या है प्लान

समही होटल्स (Samhi Hotels) और जयपुर स्थित रिटेल ज्वेलरी कंपनी मोटिसंस ज्वैलर्स (Motisons Jewellers) के आईपीओ को मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई है। सेबी के एक अपडेट से पता चला कि दोनों कंपनियों ने इस साल मार्च में सेबी के पास अपने आईपीओ कागजात दोबारा दाखिल किए थे

अपडेटेड Sep 05, 2023 पर 5:00 PM
Samhi Hotels और Motisons Jewellers के आईपीओ को मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई है।

Upcoming IPO : आईपीओ निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। समही होटल्स (Samhi Hotels) और जयपुर स्थित रिटेल ज्वेलरी कंपनी मोटिसंस ज्वैलर्स (Motisons Jewellers) के आईपीओ को मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की मंजूरी मिल गई है। मंगलवार को सेबी के एक अपडेट से पता चला कि दोनों कंपनियों ने इस साल मार्च में सेबी के पास अपने आईपीओ कागजात दोबारा दाखिल किए थे। दोनों कंपनियों को 28-31 अगस्त के दौरान ऑब्जर्वेशन लेटर मिला है। आईपीओ लाने से पहले किसी भी कंपनी के लिए ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल करना जरूरी होता है।

Samhi Hotels IPO

ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार समही होटल्स के आईपीओ के तहत 1,000 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 90 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के तहत की जाएगी।


ओएफएस के हिस्से के रूप में ब्लू चंद्रा पीटीई लिमिटेड द्वारा 42.36 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री और गोल्डमैन सैक्स इन्वेस्टमेंट्स होल्डिंग्स (एशिया) लिमिटेड द्वारा 24.78 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी। इसके अलावा, जीटीआई कैपिटल अल्फा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 15.47 लाख इक्विटी शेयरों और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन द्वारा 7.39 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री भी शामिल है।

इससे पहले, कंपनी ने सितंबर 2019 में सेबी के पास अपने आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। कंपनी को नवंबर 2019 में बाजार नियामक की मंजूरी मिल गई थी। हालांकि, कंपनी ने आईपीओ लॉन्च नहीं किया। गुड़गांव स्थित कंपनी फ्रेश इश्यू से 750 करोड़ रुपये की शुद्ध आय का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

28 फरवरी 2023 तक समही होटल्स के पास बेंगलुरु, हैदराबाद, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), पुणे, चेन्नई और अहमदाबाद सहित भारत के 12 प्रमुख शहरी कंज्यूमर हब में 25 ऑपरेटिंग होटलों में फैले 3,839 कमरों का एक पोर्टफोलियो है। फरवरी 2023 तक यह भारत में फेयरफील्ड बाय मैरियट और हॉलिडे इन एक्सप्रेस ब्रांडों का सबसे बड़ा मालिक है। यह Marriott, हयात और आईएचजी जैसे ग्लोबल होटल ऑपरेटरों के साथ लॉन्ग टर्म मैनेजमेंट कॉन्ट्रैक्ट के तहत काम करता है।

Motisons Jewellers IPO

जयपुर स्थित ज्वेलरी रिटेल कंपनी मोटिसंस ज्वैलर्स के आईपीओ के तहत 3.34 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें ऑफर फॉर सेल के तहत कोई बिक्री नहीं होगी। कंपनी इश्यू से प्राप्त फंड का इस्तेमाल शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंकों से लिए गए मौजूदा उधारों के री-पेमेंट, वर्किंग कैपिटल जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

ज्वेलरी कंपनी ने सितंबर 2022 में सेबी के पास आईपीओ कागजात दाखिल किए थे। हालांकि, रेगुलेटर ने दिसंबर में ड्राफ्ट पेपर्स वापस कर दिए। दोनों कंपनियों के शेयर स्टॉक एक्सचेंजों - एनएसई और बीएसई पर लिस्ट होंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।