Upcoming IPO : आईपीओ निवेशकों के लिए यह हफ्ता भी शानदार साबित हो सकता है। बीते कुछ समय में कई कंपनियों ने अपना आईपीओ लॉन्च किया है। इसी कड़ी में अब इस हफ्ते भी 5 कंपनियां अपना आईपीओ लाने जा रही हैं। इनमें मेन बोर्ड आईपीओ के साथ ही स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (SME) आईपीओ शामिल हैं। इस लिस्ट में SBFC Finance, Concord Biotech, Vinsys IT, Oriana Power और Yudiz Solutions जैसी कंपनियां हैं। हमने यहां इन आईपीओ से जुड़ी पूरी डिटेल दी है।
नॉन-बैंकिंग लेंडर SBFC फाइनेंस का आईपीओ 3 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। यह इश्यू 7 अगस्त को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 2 अगस्त को ही खुल जाएगा। कंपनी ने इसके लिए 54-57 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ के तहत 600 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 425 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। कंपनी ने पिछले साल नवंबर में सेबी के पास आईपीओ दस्तावेज दाखिल किए थे।
OFS के तहत बेचने वाले शेयरधारकों में अर्पवुड पार्टनर्स इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स शामिल हैं जो 306 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे। इसके अलावा, अर्पवुड कैपिटल द्वारा 75 करोड़ रुपये और Eight45 सर्विसेज द्वारा 43 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री की जाएगी।
अहमदाबाद स्थित फार्मा कंपनी Concord Biotech का आईपीओ 4 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। निवेशक इसमें 8 अगस्त तक निवेश कर सकेंगे। आईपीओ में क्वाड्रिया कैपिटल द्वारा संचालित प्राइवेट फंड हेलिक्स इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स द्वारा केवल 2.09 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की पेशकश (OFS) शामिल है। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 3 अगस्त को खुलेगा।
पुणे स्थित आईटी और सॉफ्टवेयर सर्विस कंपनी Vinsys IT Services India ने आईपीओ के लिए 121-128 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। यह इश्यू 1 अगस्त 2023 को खुलेगा और 4 अगस्त 2023 को बंद हो जाएगा। आईपीओ के तहत बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के माध्यम से 38.94 लाख इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। बीलाइन कैपिटल एडवाइजर्स इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया इश्यू के रजिस्ट्रार हैं। कंपनी सार्वजनिक पेशकश के जरिए 49.84 करोड़ रुपये जुटाएगी।
नए इश्यू से आईपीओ की आय का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए और सब्सिडियरी कंपनी के लोन का री-पेमेंट करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी खर्च किया जाएगा।
नोएडा स्थित ओरियाना पावर लिमिटेड का आईपीओ 1 अगस्त 2023 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 3 अगस्त 2023 को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए यह एक दिन पहले यानी 31 जुलाई 2023 को खुल जाएगा। कंपनी ने 115-118 रुपये के प्राइस बैंड की घोषणा की है। ओरियाना पावर के 59.64 करोड़ रुपये के आईपीओ में बुक-बिल्डिंग रूट के माध्यम से 50.55 लाख इक्विटी शेयर ऑफर किए जाएंगे।
50.55 लाख शेयरों के कुल इश्यू साइज में से कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 24.00 लाख शेयर (एंकर निवेशकों के लिए 14.40 लाख रुपये सहित) और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए 7.20 लाख शेयर आवंटित किए हैं। खुदरा निवेशकों के लिए कंपनी ने 16.80 लाख शेयर अलग रखे हैं। कॉरपोरेट कैपिटलवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू का लीड मैनेजर है, जबकि स्काईलाइन फाइनेंशियल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड इश्यू का रजिस्ट्रार है।
प्राइम डेटाबेस पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार Yudiz Solutions एक SME आईपीओ है जो 4 अगस्त को खुलेगा और 8 अगस्त को बंद होगा। कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड 162 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग NSE Emerge प्लेटफॉर्म पर होगी। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 41.8 करोड़ रुपये जुटाने का है। नारनोलिया फाइनेंशियल सर्विसेज लीड मैनेजर हैं और मास सर्विसेज इश्यू के रजिस्ट्रार हैं।