1 अगस्त को खुलेंगे इन दो कंपनियों के आईपीओ, 110 करोड़ रुपये जुटाने का है प्लान

Vinsys IT कंपनी आईपीओ के जरिए 49.84 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके अलावा, Oriana Power का इरादा 59.64 करोड़ रुपये जुटाने का है। यहां हमने इन दोनों आईपीओ से जुड़ी पूरी डिटेल दी है। दोनों कंपनियों के आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 1 अगस्त को खुलने वाले हैं

अपडेटेड Jul 30, 2023 पर 8:13 AM
पिछले कुछ समय में लगातार कई कंपनियों ने अपना आईपीओ लॉन्च किया है।

Upcoming IPO : पिछले कुछ समय में लगातार कई कंपनियों ने अपना आईपीओ लॉन्च किया है। इसी कड़ी में अब 1 अगस्त को दो SME आईपीओ खुलने वाले हैं, जिसमें Oriana Power और Vinsys IT Services India शामिल हैं। इन कंपनियों की लिस्टिंग NSE के Emerge प्लेटफॉर्म पर होगी। Vinsys IT कंपनी आईपीओ के जरिए 49.84 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके अलावा, Oriana Power का इरादा 59.64 करोड़ रुपये जुटाने का है। यहां हमने इन दोनों आईपीओ से जुड़ी पूरी डिटेल दी है।

Vinsys IT IPO

पुणे स्थित आईटी और सॉफ्टवेयर सर्विस कंपनी Vinsys IT Services India ने आईपीओ के लिए 121-128 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। यह इश्यू 1 अगस्त 2023 को खुलेगा और 4 अगस्त 2023 को बंद हो जाएगा। आईपीओ के तहत बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के माध्यम से 38.94 लाख इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। बीलाइन कैपिटल एडवाइजर्स इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया इश्यू के रजिस्ट्रार हैं। कंपनी सार्वजनिक पेशकश के जरिए 49.84 करोड़ रुपये जुटाएगी।


नए इश्यू से आईपीओ की आय का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए और सब्सिडियरी कंपनी के लोन का री-पेमेंट करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी खर्च किया जाएगा।

Oriana Power IPO

नोएडा स्थित ओरियाना पावर लिमिटेड का आईपीओ 1 अगस्त 2023 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 3 अगस्त 2023 को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए यह एक दिन पहले यानी 31 जुलाई 2023 को खुल जाएगा। कंपनी ने 115-118 रुपये के प्राइस बैंड की घोषणा की है। ओरियाना पावर के 59.64 करोड़ रुपये के आईपीओ में बुक-बिल्डिंग रूट के माध्यम से 50.55 लाख इक्विटी शेयर ऑफर किए जाएंगे।

50.55 लाख शेयरों के कुल इश्यू साइज में से कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 24.00 लाख शेयर (एंकर निवेशकों के लिए 14.40 लाख रुपये सहित) और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए 7.20 लाख शेयर आवंटित किए हैं। खुदरा निवेशकों के लिए कंपनी ने 16.80 लाख शेयर अलग रखे हैं। कॉरपोरेट कैपिटलवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू का लीड मैनेजर है, जबकि स्काईलाइन फाइनेंशियल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड इश्यू का रजिस्ट्रार है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।