Upcoming IPO : इस हफ्ते आएंगे 5 कंपनियों के आईपीओ, प्राइमरी मार्केट से कमाई का शानदार मौका

मेनबोर्ड सेगमेंट में नोएडा स्थित हॉस्पिटल चेन यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज का आईपीओ खुलने वाला है। वहीं, चार SME IPO में Innovatus Entertainment Networks, Khazanchi Jewellers, Shri Techtex और Yasons Chemex Care शामिल हैं

अपडेटेड Jul 23, 2023 पर 3:22 PM
बीते कुछ महीनों में कई कंपनियों ने अपने आईपीओ लॉन्च किए हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहने वाला है।

Upcoming IPO : बीते कुछ महीनों में कई कंपनियों ने अपने आईपीओ लॉन्च किए हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहने वाला है। PRIME डेटाबेस पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इस हफ्ते एक मेनबोर्ड और चार SME IPO खुलने वाले हैं। मेनबोर्ड सेगमेंट में नोएडा स्थित हॉस्पिटल चेन यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज का आईपीओ खुलने वाला है। वहीं, चार SME IPO में Innovatus Entertainment Networks, Khazanchi Jewellers, Shri Techtex और Yasons Chemex Care शामिल हैं। आइए जानते हैं इन आईपीओ से जुड़ी पूरी डिटेल।

Yatharth Hospital & Trauma Care Services IPO

यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज का IPO आईपीओ बुधवार, 26 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इसमें 28 जुलाई तक निवेश किया जा सकेगा। 687 करोड़ के इस IPO के लिए 285-300 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है। इस इश्यू के तहत 490 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, 6,551,690 शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। इस महीने की शुरुआत में यथार्थ हॉस्पिटल, जो दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में निजी अस्पतालों का संचालन और प्रबंधन करता है, ने इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स से 120 करोड़ रुपये जुटाए हैं।


Innovatus Entertainment Networks

इनोवाटस एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स SME IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 25 जुलाई को खुलेगा और 27 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड 50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया है और इसे BSE पर लिस्ट किया जाएगा। यह ऑफर 7.74 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू है। इन्वेंचर मर्चेंट बैंकर्स सर्विसेज इस इश्यू की लीड मैनेजर है।

Khazanchi Jewellers

खजांची ज्वैलर्स SME IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 24 जुलाई को खुलेगा और 28 जुलाई को बंद होगा। 92 करोड़ रुपये के आईपीओ में 140 रुपये प्रति शेयर का इश्यू प्राइस रखा गया है। इसमें 1000 इक्विटी शेयरों के मिनिमम शेयर लॉट के लिए आवेदन किया जा सकेगा। कंपनी के शेयर BSE पर लिस्ट होंगे। मार्क कॉरपोरेट एडवाइजर्स इश्यू के लीड मैनेजर हैं, जबकि कैमियो कॉरपोरेट सर्विसेज रजिस्ट्रार हैं।

Shri Techtex

श्री टेकटेक्स SME IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 26 जुलाई को खुलेगा और शुक्रवार 28 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड 54 रुपये से 61 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया है और इसे एनएसई एसएमई एक्सचेंज पर लिस्ट किया जाएगा। कंपनी पब्लिक इश्यू के माध्यम से 37.95 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस धनराशि का इस्तेमाल फैक्ट्री शेड के निर्माण, सौर संयंत्र को चालू करने, मशीनरी की खरीद और वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।

Yasons Chemex Care

यासन्स केमेक्स केयर का SME IPO सब्सिक्रिप्शन के लिए 24 जुलाई को खुलेगा और 26 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड 40 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया है। शेयर NSE SME इमर्ज पर लिस्ट किया जाएगा। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 20.57 करोड़ रुपये जुटाने का है, जिसमें केवल फ्रेश इश्यू शामिल होगा। इंक्रीमेंटल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए फंड का इस्तेमाल किया जाएगा। फेडेक्स सिक्योरिटीज लीड मैनेजर है, और केफिन टेक्नोलॉजीज इश्यू का रजिस्ट्रार है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।