Upcoming IPO: आईपीओ निवेशकों के लिए जरूरी खबर है। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने 3 कंपनियों को फंड जुटाने के लिए आईपीओ लाने की मंजूरी दे दी है। इन कंपनियों में नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी (NSDL), जिंका लॉजिस्टिक्स और स्टैंडर्ड ग्लास लाइनिंग टेक्नोलॉजी शामिल हैं। NSDL को 30 सितंबर, जिंका लॉजिस्टिक्स को 3 अक्टूबर और स्टैंडर्ड ग्लास लाइनिंग टेक्नोलॉजी को 1 अक्टूबर को मार्केट रेगुलेटर से ऑब्जर्वेशन लेटर मिला है। ऑब्जर्वेशन लेटर जारी करने का मतलब है कि कंपनी अगले एक साल के भीतर अपना आईपीओ लॉन्च कर सकती है।
नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी (NSDL) ने पिछले साल जुलाई में ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया था। इस IPO के तहत केवल ऑफर फॉर सेल के जरिए शेयरों की बिक्री की जाएगी और इसमें फ्रेश इक्विटी शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। IDBI बैंक, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक और यूनिट ट्रस्ट ऑफ इंडिया के स्पेशिफाइड अंडरटेकिंग के एडमिनिस्ट्रेटर OFS में सेलिंग शेयरहोल्डर होंगे, जिनके द्वारा कुल 5,72,60,001 इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे।
DRHP के अनुसार, प्रोफेशनली मैनेज्ड कंपनी के 76 शेयरधारक हैं, जिनमें IDBI Bank, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक (SS), यूनिट ट्रस्ट ऑफ इंडिया के स्पेशिफाइड अंडरटेकिंग के एडमिनिस्ट्रेटर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, Deutsche Bank AG, सिटीबैंक NA, हांगकांग और शंघाई बैंकिंग कॉर्पोरेशन, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक, कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक शामिल हैं।
ICICI सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल, HSBC सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स, IDBI कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज, मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स और SBI कैपिटल मार्केट्स को सेबी रजिस्टर्ड मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशन के पब्लिक इश्यू के लिए मर्चेंट बैंकर के रूप में नियुक्त किया गया है।
Zinka Logistics Solutions IPO
ब्लैकबक ब्रांड के तहत कारोबार करने वाली जिंका लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशंस ने 5 जुलाई 2024 को ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए थे। आईपीओ के तहत फ्लिपकार्ट के निवेश वाले लॉजिस्टिक्स स्टार्टअप ने फ्रेश इश्यू के जरिए 550 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। इस इश्यू में 2.16 करोड़ इक्विटी शेयरों का OFS भी शामिल है। OFS के तहत शेयरों की बिक्री फाउंडर राजेश याबाजी, चाणक्य हृदय और रामसुब्रमण्यम बालासुब्रमण्यम द्वारा की जाएगी।
ट्रक ऑपरेटरों के लिए बेंगलुरु स्थित डिजिटल प्लेटफॉर्म द्वारा बिक्री के लिए पेश किए गए ऑफर में एक्सेल इंडिया, जीएसएएम होल्डिंग्स, क्विकरूट्स इंटरनेशनल (फ्लिपकार्ट), इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन, सैंड्स कैपिटल और इंटरनेट फंड III जैसे निवेशक भी बिक्री करने वाले शेयरधारक होंगे। एक्सेल इंडिया, GSAM होल्डिंग्स, क्विकरूट्स इंटरनेशनल (फ्लिपकार्ट), इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन, सैंड्स कैपिटल और इंटरनेट फंड III जैसे निवेशक भी OFS में सेलिंग शेयरहोल्डर होंगे।
Standard Glass Lining Technology IPO
हैदराबाद स्थित कंपनी ने इस साल 24 जुलाई को आईपीओ के जरिए फंड जुटाने के लिए कागजात दाखिल किए थे। इस आईपीओ के तहत 250 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 1.84 करोड़ इक्विटी शेयरी की बिक्री OFS के जरिए होगी। OFS में एस2 इंजीनियरिंग सर्विसेज, कंडुला रामकृष्ण, कंडुला कृष्ण वेनी, नागेश्वर राव कंडुला और स्टैंडर्ड होल्डिंग्स जैसे प्रमोटर शेयरों की बिक्री करेंगे।
यह कंपनी भारत में फार्मास्युटिकल और केमिकल सेक्टर के लिए खास इंजीनियरिंग इक्विपमेंट बनाती है। कंपनी ने मशीनरी और इक्विपमेंट खरीदने, कर्ज चुकाने, इनऑर्गेनिक ग्रोथ और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए फंड का उपयोग करने की योजना बनाई है। आईआईएफएल सिक्योरिटीज और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स इस इश्यू के लिए मर्चेंट बैंकर की भूमिका निभाएंगे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।