Upcoming IPO: आईपीओ मार्केट जोर पकड़ता दिख रहा है। अगले हफ्ते दलाल स्ट्रीट पर 7 कंपनियां अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करने वाली है। इसमें से 3 तीन कंपनियों के IPO मेन रूट से आएंगे, जबकि बाकी 4 कंपनियां अपने शेयरों को एसएमई (SME) रूट से सूचीबद्ध कराएंगीं। अगला हफ्ता सोमवार 26 जुलाई से शुरू होगा। इन 7 आईपीओ की बाजार से करीब 1,600 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की योजना है। SME इश्यू से 110 करोड़ रुपये जुटने की उम्मीद है।
अगले हफ्ते का पहला IPO, ड्रोन बनाने वाली कंपनी आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी (ideaForge Technology) का होगा जो 26 जून को खुलेगा। कंपनी ने अपने शेयरों के लिए 638-672 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है और वह करीब 567 करोड़ रुपये जुटाने की कोशिश कर रही है। कंपनी ने आईपीओ खुलने से पहले ही 23 जून को एंकर निवेशकों से 254.88 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। रिटेल निवेशक न्यूनतम 22 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 22 शेयरों के गुणांक में बोली लगा सकते हैं। आईपीओ 29 जून को बंद हो जाएगा। शेयर 7 जुलाई को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होंगे।
आईटी सर्विस फर्म Cyient की सहायक कंपनी Cyient DLM अगले हफ्त का दूसरा सार्वजनिक निर्गम होगा। इसके लिए बोली 27 जून को शुरू होगी और 30 जून को बंद होगी। आईपीओ की एंकर बुक 26 जून को एक दिन के लिए खुलेगी। आईपीओ में 2.23 करोड़ शेयरों का केवल फ्रेश इश्यू शामिल है। प्राइस बैंड 250-265 रुपये प्रति शेयर का है। कंपनी करीब 592 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रहा है।
कंस्ट्रक्शन और डेवलपमेंट कंपनी पीकेएच वेंचर्स का आईपीओ भी अगले हफ्ते खुलेगा। आईपीओ के लिए बोली 30 जून को खुलेगी और 4 जुलाई को बंद होगी। कंपनी अपने IPO से करीब 380 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। हालांकि अभी तक प्राइस बैंड का ऐलान नहीं किया गया है। आईपीओ के तहत कुल 2.56 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। इसमें 1.82 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल होगा और बाकी शेयर प्रमोटरों की ओर से बिक्री के लिए रखा जाएगा। PKH वेंचर्स का 100 प्रतिशत स्वामित्व प्रमोटरों के पास है।
कनवेयर बेल्ट बनाने वाली कंपनी पेंटागन रबर (Pentagon Rubber) अगले सप्ताह SME सेगमेंट में पहला आईपीओ होगा। यह आईपीओ 26 जून को खुलेगा और 30 जून को बंद होगा। कंपनी प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर 23.1 लाख इक्विटी शेयर जारी करके 16.17 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। यह ऑफर 100 प्रतिशत नए शेयरों का है। आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 65-70 रुपये प्रति शेयर निर्धारित किया गया है।
एसएमई सेगमेंट का दूसरा आईपीओ ग्लोबल पेट इंडस्ट्रीज है। यह आईपीओ 29 जून को बोली के लिए खुलेगा और 3 जुलाई को बंद होगा। शेयरों के लिए 49 रुपये प्रति शेयर का फिक्स भाव तय किया गया है। कंपनी अपने आईपीओ से कुल 13.23 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी इस पैसे का इस्तेमाल मुख्य रूप से फैक्ट्री भवन के निर्माण के लिए किया जाएगा।
सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़ी सेवाएं देने वाली कंपनी त्रिध्या टेक का भी आईपीओ अगले हफ्ते बोली के लिए खुलेगा। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 35-42 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। ऊपरी मूल्य बैंड पर 62.88 लाख शेयर जारी करके 26.41 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
7. Synoptics Technologies IPO
आईटी सर्विस कंपनी सिनोप्टिक्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ भी अगले हफ्ते बोली के लिए खुलेगा। कंपनी ने अपने शेयरों के लिए 237 रुपये प्रति शेयर का फिक्स भाव तय किया है। आईपीओ में 35.08 करोड़ रुपये के नए शेयर और प्रमोटरों की ओर से 18.96 करोड़ रुपये का ओएफएस शामिल है।