Utkarsh SFB IPO : उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के आईपीओ को 12 जुलाई से 14 जुलाई के बीच निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है। यह इश्यू कुल 101.91 गुना सब्सक्राइब हुआ है। अब निवेशकों की निगाह शेयर अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है। शेड्यूल के मुताबिक सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट कल यानी 19 जुलाई को होना है। वहीं, असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 20 जुलाई को शुरू हो जाएगी। इक्विटी शेयर 21 जुलाई तक सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 24 जुलाई को होगी। इस बीच ग्रे मार्केट में इस इश्यू का जलवा अब भी बरकरार है।
ग्रे मार्केट में जबरदस्त डिमांड
सब्सक्रिप्शन नंबर और ग्रे मार्केट में जबरदस्त डिमांड को देखते हुए इस आईपीओ की लिस्टिंग पर निवेशकों को बंपर मुनाफा होने की संभावना है। यह इश्यू आज अनलिस्टेड मार्केट में 15 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड 23 से 25 रुपये रखा गया था। इस हिसाब से शेयरों की लिस्टिंग 40 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 60 फीसदी का बंपर मुनाफा होगा।
101.91 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू
इस कैलेंडर वर्ष में यह इश्यू सबसे अधिक सब्सक्रिप्शन के मामले में दूसरे नंबर पर है। इसके पहले हाल ही में आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजीज के आईपीओ को 106 गुना से अधिक सब्सक्राइब किया गया था, जो कि सबसे अधिक है।
रिटेल निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों का करीब 72.11 गुना सब्सक्राइब किया। वहीं कर्मचारियों के कोटे में कंपनी को 16.58 गुना अधिक बोली मिली। सबसे अधिक दिलचस्पी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) ने दिखाई, जिन्होंने अपने कोटे में करीब 124.85 गुना अधिक बोली लगाई। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के कोटे में कंपनी को 81.64 गुना अधिक बोली मिली है।
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ 12 जुलाई को बोली के लिए खुला था और इसके लिए प्राइस बैंड 23 से 25 रुपये रखा गया था। कंपनी का IPO पूरी तरह से फ्रेश शेयरों का है और वह इससे करीब 500 करोड़ रुपये जुटाएगी। बैंक ने बताया कि वह IPO से मिले पैसों का इस्तेमाल अपने टियर-1 कैपिटल बेस को बढ़ाना और भविष्य की कैपिटल जरूरतों को पूरा करना है।
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक 2016 में खुला था। वित्त वर्ष 2019 से वित्त वर्ष 2022 के बीच में 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक एयूएम (एसेट अंडर मैनेजमेंट) वाले SFB (स्मॉल फाइनेंस बैंक) में सबसे अधिक एयूएम ग्रोथ वाले एसएफबी में यह दूसरे स्थान पर था। यह बैंक अकाउंट्स और डिपॉजिट्स, कार्ड्स, बीमा और निवेश, लोन जैसी सर्विसेज देता है। बैंक के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसके शुद्ध मुनाफे में उतार-चढ़ाव रहा है।