Utkarsh SFB IPO : दूसरे दिन भी पैसों की बारिश, 16.20 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू, रिटेल निवेशकों ने जमकर लगाया दांव

Utkarsh SFB IPO : 500 करोड़ रुपये के ऑफर साइज वाले इस आईपीओ में रिटेल निवेशकों ने सबसे ज्यादा निवेश किया है। वहीं, नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) जमकर दांव लगा रहे हैं। इस आईपीओ में 14 जुलाई तक निवेश किया जा सकता है

अपडेटेड Jul 13, 2023 पर 10:00 PM
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के आईपीओ में निवेशक सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन भी जमकर दांव लगा रहे हैं।

Utkarsh SFB IPO : उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के IPO में निवेशक सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन भी जमकर दांव लगाया है। आज 13 जुलाई तक यह इश्यू 16.20 गुना सब्सक्राइब हो गया है। पहले दिन भी इसे निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और यह 4.73 गुना सब्सक्राइब हुआ था। 500 करोड़ रुपये के ऑफर साइज वाले इस आईपीओ में रिटेल निवेशकों ने सबसे ज्यादा निवेश किया है। वहीं, नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) जमकर दांव लगा रहे हैं। BSE के आंकड़ों के मुताबिक इस आईपीओ को अब तक 1,95,26,93,400 शेयरों के लिए बोलियां मिल गई हैं जबकि ऑफर पर 12,05,43477 शेयर हैं। इस आईपीओ में 14 जुलाई तक निवेश किया जा सकता है।

अलग-अलग कैटेगरी में कैसी रही प्रतिक्रिया

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 3.88 गुना


नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) - 27.72 गुना

रिटेल इन्वेस्टर्स - 36.66 गुना

टोटल - 16.20 गुना

(BSE, 13 जुलाई 2023, 5:00:00 PM)

ग्रे मार्केट का हाल

ग्रे मार्केट में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक मजबूत स्थिति में है। आज यह इश्यू 15 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 40 रुपये के भाव पर हो सकती है। यानी निवेशकों को लिस्टिंग पर 60 फीसदी का बंपर मुनाफा होने की संभावना है। हालांकि, कल के मुकाबले ग्रे मार्केट प्रीमियम में थोड़ी गिरावट आई है। कल यह 17 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। बता दें कि इस बैंक के आईपीओ के लिए 23-25 रुपये का प्राइस बैंड तय हुआ है।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 500 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत सिर्फ नए शेयर जारी होंगे। सब्सक्रिप्शन के लिए यह इश्यू 12 जुलाई से 14 जुलाई तक खुला रहेगा। इसमें 23-25 रुपये के प्राइस बैंड और 600 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे। इश्यू का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB), 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।

आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 19 जुलाई को फाइनल होगा और लिस्टिंग के लिए 24 जुलाई का दिन फिक्स किया गया है। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल टियर-1 कैपिटल बेस बढ़ाने और इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने में होगा। टियर-1 कैपिटल का इस्तेमाल आगे की पूंजी जरूरतों में होता है।

Utkarsh SFB की डिटेल्स

उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक 2016 में खुला था। वित्त वर्ष 2019 से वित्त वर्ष 2022 के बीच में 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक एयूएम (एसेट अंडर मैनेजमेंट) वाले SFB (स्मॉल फाइनेंस बैंक) में सबसे अधिक एयूएम ग्रोथ वाले एसएफबी में यह दूसरे स्थान पर था। यह बैंक अकाउंट्स और डिपॉजिट्स, कार्ड्स, बीमा और निवेश, लोन जैसी सर्विसेज देता है। बैंक के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसके शुद्ध मुनाफे में उतार-चढ़ाव रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।