Utkarsh SFB IPO : 101 गुना सब्सक्रिप्शन के बाद अब 21 जुलाई को लिस्टिंग, एक्सपर्ट्स ने बताया- कितना हो सकता है मुनाफा

एक्सपर्ट्स का मानना है कि Utkarsh SFB के आईपीओ की भारतीय शेयर बाजार में मजबूत लिस्टिंग होने की पूरी संभावना है। शानदार सब्सक्रिप्शन और पॉजिटिव मार्केट कंडीशन का कंपनी को फायदा मिलेगा। यहां हमने बताया है कि लिस्टिंग को लेकर एक्सपर्ट्स की क्या राय है

अपडेटेड Jul 20, 2023 पर 10:10 PM
Utkarsh SFB IPO शानदार सब्सक्रिप्शन नंबर के बाद अब लिस्टिंग के लिए तैयार है।

Utkarsh SFB IPO : उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक शानदार सब्सक्रिप्शन नंबर के बाद अब लिस्टिंग के लिए तैयार है। इस आईपीओ को 12 जुलाई से 14 जुलाई के बीच निवेशकों की मजबूत प्रतिक्रिया मिली और यह कुल 101.91 गुना सब्सक्राइब हुआ है। स्टॉक मार्केट में कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 21 जुलाई को होने वाली है। पहले इसकी लिस्टिंग डेट 24 जुलाई थी लेकिन अब कंपनी तय समय से पहले ही लिस्ट होने जा रही है। सब्सक्रिप्शन नंबर और ग्रे मार्केट में जबरदस्त डिमांड को देखते हुए इस आईपीओ की लिस्टिंग पर निवेशकों को बंपर मुनाफा होने की संभावना जताई जा रही है। आइए जानते हैं, क्या है एक्सपर्ट्स की राय।

एक्सपर्ट्स को मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद

एक्सपर्ट्स का मानना है कि Utkarsh SFB के आईपीओ की भारतीय शेयर बाजार में मजबूत लिस्टिंग होने की पूरी संभावना है। शानदार सब्सक्रिप्शन और पॉजिटिव मार्केट कंडीशन का कंपनी को फायदा मिलेगा। इसके अलावा, उचित वैल्यूएशन, एसेट क्वालिटी में सुधार के साथ हेल्दी फाइनेंशियल परफॉर्मेंस और स्मॉल फाइनेंस बैंक इंडस्ट्री में मजबूत ग्रोथ की संभावना के चलते भी मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद जताई जा रही है।


क्या है एक्सपर्ट्स की राय

स्वस्तिक इन्वेस्टमार्ट में इक्विटी रिसर्च एनालिस्ट अनुभूति मिश्रा ने कहा, "उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के लिए एक्सपेक्टेड लिस्टिंग प्राइस लगभग 40 रुपये है, जो कि आईपीओ मूल्य 25 रुपये प्रति शेयर से लगभग 60 फीसदी अधिक है। यह मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम पर बेस्ड है।" बता दें कि आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी के बाद 100 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन पाने वाला यह मौजूदा वर्ष का दूसरा पब्लिक इश्यू है।

मिश्रा ने आगे कहा, "कंपनी के पास ग्रोथ का एक मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड है, और हाल के वर्षों में इसके वित्तीय प्रदर्शन में सुधार हो रहा है। बैंक SFB सेक्टर के ग्रोथ का फायदा उठाने के लिए अच्छी स्थिति में है, क्योंकि इसका फोकस आबादी के वंचित वर्गों पर है।"

हेम सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन के साथ-साथ अरिहंत कैपिटल मार्केट्स के रिसर्च हेड अभिषेक जैन को भी उम्मीद है कि उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक इश्यू प्राइस से 60 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट होगा। जैन ने कहा कि बैंक को माइक्रोफाइनेंस सेगमेंट और ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में मौजूदगी की अच्छी समझ है।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ 12 जुलाई को बोली के लिए खुला था और इसके लिए प्राइस बैंड 23 से 25 रुपये रखा गया था। कंपनी का IPO पूरी तरह से फ्रेश शेयरों का है और वह इससे करीब 500 करोड़ रुपये जुटाएगी। बैंक ने बताया कि वह IPO से मिले पैसों का इस्तेमाल अपने टियर-1 कैपिटल बेस को बढ़ाना और भविष्य की कैपिटल जरूरतों को पूरा करना है।

Utkarsh SFB की डिटेल्स

उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक 2016 में खुला था। वित्त वर्ष 2019 से वित्त वर्ष 2022 के बीच में 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक एयूएम (एसेट अंडर मैनेजमेंट) वाले SFB (स्मॉल फाइनेंस बैंक) में सबसे अधिक एयूएम ग्रोथ वाले एसएफबी में यह दूसरे स्थान पर था। यह बैंक अकाउंट्स और डिपॉजिट्स, कार्ड्स, बीमा और निवेश, लोन जैसी सर्विसेज देता है। बैंक के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसके शुद्ध मुनाफे में उतार-चढ़ाव रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।