Vedant Fashions IPO: मान्यवर ब्रांड से पारंपरिक पोशाक बेचने वाली कंपनी Vedant Fashions के शेयरों की लिस्टिंग आज उम्मीद से बेहतर हुई है। BSE पर Vedant Fashions के शेयर अपने इश्यू प्राइस से 8% यानी 70 रुपए ऊपर 936 रुपए पर लिस्ट हुए हैं। जबकि NSE पर इसके शेयर 7.97% प्रीमियम यानी इश्यू प्राइस से 69 रुपए ऊपर 935 रुपए पर लिस्ट हुए हैं। हालांकि कंपनी के इश्यू को बहुत अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिली थी, जिसकी वजह से बाजार के जानकार यह अंदाजा लगा रहे थे कि Vedant Fashions के शेयरों की लिस्टिंग फ्लैट या डिस्काउंट पर हो सकती है।
Vedant Fashions का IPO पूरी तरह ऑफर-फॉर-सेल (OFS) था। यानी IPO से जुटाया गया फंड कंपनी को नहीं मिलेगा बल्कि सारा पैसा प्रमोटरों और शेयरहोल्डरों के पास जाएगा। कंपनी का इश्यू 4 फरवरी को खुला और 8 फरवरी को बंद हुआ था। Vedant Fashions का इश्यू प्राइस 866 रुपए था।
कंपनी का इश्यू 2.57 गुना सब्सक्राइब हुआ था। हालांकि रिटेल निवेशकों ने वेदांत फैशंस के IPO में कुछ खास दिलचस्पी नहीं दिखाई और उनके लिए आरक्षित हिस्से में सिर्फ 31 फीसदी ही बोली पाई। वहीं क्वाइलिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा सबसे ज्यादा 7.49 गुना भरा, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के हिस्से में 1.07 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।