Venus Pipes IPO: आखिरी दिन तक 16.28 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू, रिटेल निवेशकों ने जमकर लगाई बोली, जानिए लेटेस्ट GMP

Venus Pipes का IPO आज शाम तक 16.28 गुना अधिक सब्सक्राइब हुआ और इसी के साथ कंपनी का आईपीओ अब बंद हो चुका है

अपडेटेड May 13, 2022 पर 6:10 PM
Story continues below Advertisement
Venus Pipes अपने IPO से करीब 165.41 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है

Venus Pipes and Tubes IPO: वीनस पाइप्स एंड ट्यूब्स का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) शुक्रवार 13 मई की शाम तक 16.28 गुना अधिक सब्सक्राइब हुआ। आईपीओ के लिए बोली लगाने की आज आखिरी तारीख थी। वीनस पाइप्स का आईपीओ अब बंद हो चुका है और अब सभी की निगाह इसके शेयरों के अलॉटमेंट पर होगी।

कंपनी को रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित शेयरों के हिस्से में 18.98 गुना अधिक बोलियां मिली। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने अपने लिए आरक्षित शेयरों के हिस्से में 15.66 गुना अधिक बोलियां लगाई। क्ववालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्से में कंपनी को 12.02 गुना अधिक बोलियां मिली।

वीनस पाइप्स ने आईपीओ के तहत कुल 35.51 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखा था, जिसके बदले में उसे 5.78 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं। कंपनी ने IPO का आधा हिस्सा क्ववालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित रखा था। जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और रिटेल निवेशकों के लिए क्रमश: 15 फीसदी और 35 फीसदी शेयर आरक्षित रखे गए थे।


यह भी पढ़ें- Rakesh Jhunjhunwala के इस शेयर में हो सकती है 73% तक की कमाई, ब्रोकरेज हाउसों ने Q4 नतीजों के बाद जताया भरोसा

स्टेनलेस पाइप्स और ट्यूब बनाने वाली इस कंपनी ने अपने IPO के लिए 310-326 रुपये का प्राइस बैंड रखा था। कंपनी ने आईपीओ खुलने के एक दिन पहले ही 3 एंकर निवेशकों से 49.62 करोड़ रुपये जुटा लिए थे, जिसके चलते उसका IPO का साइज 50.74 लाख शेयरों से घटकर 35.51 लाख शेयरों का हो गया था।

कंपनी अपने IPO से करीब 165.41 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। IPO में निवेशकों की तरफ से कोई शेयर बिक्री के लिए नहीं रखे गए थे, जिसका मतलब है कि आईपीओ से मिलने वाला सारा पैसा कंपनी के खाते में जाएगा। कंपनी ने बताया कि वह IPO से मिले पैसों का इस्तेमाल अपने हॉलो पाइप्स के प्रोजेक्ट और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में करेगी।

वीनस पाइप्स के पास स्टेनलेस पाइप और ट्यूब बनाने का करीब 6 सालों का अनुभव है। इसके पास गुजरात के कच्छ इलाके में आने वाले धनेटी में एक प्लाटं है। कंपनी विदेशों में भी अपने पाइप और ट्यूब का एक्सपोर्ट करती है। यह कंपनी वीनस ब्रांड नाम से केमिकल, इंजीनियरिंग, खाद, फार्मा, पॉवर, फूड प्रोसेसिंग, पेपर और तेल व गैस सेक्टर को अपने प्रोडक्ट्स की सप्लाई करती है। कंपनी के प्रोडक्ट्स भारत समेत ब्राजील, ब्रिटेन और इजराइल समेत 18 देशों को सप्लाई होते हैं।

वित्त वर्ष 2022 के शुरुआती नौ महीने (अप्रैल-दिसंबर 2021) में कंपनी की आमदनी 276 करोड़ रुपये और मुनाफा 23 करोड़ रहा है। वहीं वित्त वर्ष 2021 में कंपनी की आमदनी 309 करोड़ रुपये रही थी, जिससे उसे 23.6 करोड़ का मुनाफा हुआ था।

Venus Pipes IPO GMP Today

बाजार जानकारों के मुताबिक, वीनस पाइप्स के शेयर बुधवार को ग्रे मार्केट में करीब 360 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे, जो इसके ऊपरी प्राइस बैंड से 30 रुपये या करीब 5 फीसदी अधिक है। वीनस पाइप्स के शेयरों का अलॉटमेंट 19 मई को फाइनल हो सकता है और लिस्टिंग 24 मई को हो सकती है। शेयर BSE और NSE दोनों स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।