Vinsys IT Services IPO : आईटी और सॉफ्टवेयर कंपनी विन्सिस आईटी सर्विसेज इंडिया ने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड तय कर दिया है। कंपनी ने आज 25 जुलाई को कहा कि उसने इश्यू के लिए 121-128 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। यह आईपीओ 1 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है और 4 अगस्त को बंद हो जाएगा। आईपीओ के तहत कंपनी 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 38.9 लाख शेयरों की पेशकश करने जा रही है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी को इश्यू से 49.84 करोड़ रुपये जुटने की उम्मीद है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
विन्सिस आईटी सर्विसेज ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि 4 अगस्त को बंद होने वाले इस इश्यू से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए होगा। इसके साथ ही, एक सब्सिडियरी कंपनी का कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए भी फंड का इस्तेमाल होगा। आईपीओ के बाद विन्सिस के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के SME इमर्ज प्लेटफॉर्म पर लिस्ट किए जाएंगे।
GMP और आईपीओ से जुड़ी डिटेल
ग्रे मार्केट में यह इश्यू आज 17 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 13 फीसदी का मुनाफा होने की संभावना है। Vinsys IT Services के आईपीओ के लिए 1000 शेयरों का लॉट साइज है। इसका मतलब है कि रिटेल निवेशकों को अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कम से कम 128,000 रुपये का निवेश करना होगा। शेड्यूल के मुताबिक कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 14 अगस्त को होगी।
31 मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष में विंसिस ने 157.30 करोड़ रुपये का राजस्व और 16.02 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया। NAV कैपिटल इमर्जिंग स्टार फंड, एक्समल्टिप्लाइड, नोवा ग्लोबल अपॉर्चुनिटीज फंड, एजिस इन्वेस्टमेंट फंड और संभवनाथ इन्वेस्टमेंट्स जैसे प्रमुख निवेशकों ने कंपनी की प्री-आईपीओ फंडिंग में निवेश किया है। बीलाइन कैपिटल एडवाइजर्स मर्चेंट बैंकर है, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया इश्यू का रजिस्ट्रार है।