Vishnu Prakash IPO : पहले दिन 3.77 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू, NII और रिटेल निवेशकों ने जमकर किया निवेश

Vishnu Prakash IPO : इस आईपीओ में रिटेल निवेशक जमकर पैसा लगा रहे हैं। आईपीओ के जरिए कंपनी 308.88 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इश्यू के लिए 94-99 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। विष्णु प्रकाश का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 28 अगस्त तक खुला रहेगा

अपडेटेड Aug 24, 2023 पर 8:20 PM
विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया के आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।

Vishnu Prakash IPO : सरकारी प्रोजेक्ट्स पर काम करने वाली कंपनी विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया के आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। आज सब्सक्रिप्शन के पहले दिन यह इश्यू कुछ घंटों में ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। इस आईपीओ को 3.77 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। इसे 8.27 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली है, जबकि ऑफर पर 2.19 करोड़ शेयर हैं। इस आईपीओ में रिटेल निवेशक जमकर पैसा लगा रहे हैं। आईपीओ के जरिए कंपनी 308.88 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इश्यू के लिए 94-99 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।

अलग-अलग कैटेगरी का हाल

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 5 फीसदी

नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) - 6.26 गुना


रिटेल निवेशक - 4.88 गुना

टोटल - 3.77 गुना

(BSE, 24 अगस्त 2023, 05:00:00 PM)

Vishnu Prakash IPO की डिटेल्स

विष्णु प्रकाश का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 28 अगस्त तक खुला रहेगा। एंप्लॉयीज को प्रति शेयर 9 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। आईपीओ का आधा हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स और 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 31 अगस्त को फाइनल होगा। इसके बाद शेयरों की बीएसई और एनएसई पर 5 सितंबर को एंट्री होगी।

आईपीओ के तहत कंपनी 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 3.12 करोड़ नए शेयर करेगी। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल इक्विपमेंट/मशीनरी खरीदने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।

Vishnu Prakash के बारे में

यह कंपनी इंफ्रास्ट्रक्टर प्रोजेक्ट्स को डिजाइन करती है और उन्हें बनाती है। यह केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ ऑटोनॉमस संस्थाओं के लिए भी यह प्रोजेक्ट्स तैयार करती है। इसका कारोबार देश के 9 राज्यों और 1 यूनियन टेरीटरी में फैला है। यह वाटर सप्लाई, रेलवे, रोड और सिंचाई नेटवर्क से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका शुद्ध मुनाफा लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 18.98 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था जो अगले ही वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 44.85 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में बढ़कर 90.64 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।