Vodafone Idea का 18 अप्रैल को खुलेगा FPO, निवेश करने से पहले जरूर जान लें ये 10 अहम बातें

Vodafone Idea FPO: वोडाफोन आइडिया का फॉलो-ऑन-पब्लिक ऑफर (FPO) आगामी 18 अप्रैल से खुल रहा है। अगर यह सफल हुआ तो यह देश का सबसे बड़ा FPO होगा। इससे पहले जुलाई 2020 में यस बैंक ने 15,000 करोड़ का फॉलो-ऑन-पब्लिक ऑफर लॉन्च किया था, जो अबतक देश का सबसे बड़ा FPO था

अपडेटेड Apr 16, 2024 पर 12:54 PM
Vodafone Idea FPO: इश्यू के लिए 10-11 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है

Vodafone Idea FPO: वोडाफोन आइडिया का फॉलो-ऑन-पब्लिक ऑफर (FPO) आगामी 18 अप्रैल से खुल रहा है। अगर यह सफल हुआ तो यह देश का सबसे बड़ा FPO होगा। इससे पहले जुलाई 2020 में यस बैंक ने 15,000 करोड़ का फॉलो-ऑन-पब्लिक ऑफर लॉन्च किया था, जो अबतक देश का सबसे बड़ा FPO था। इस बीच अदाणी एंटरप्राइजेज ने भी फरवरी 2023 में 20,000 करोड़ रुपये का FPO लॉन्च किया था। यह इश्यू पूरी तरह सब्सक्राइब भी हो गया था, लेकिन कंपनी ने बाद में इसे रद्द कर दिया था।

वोडाफोन आइडिया के FPO में पैसा लगाने से पहले निवेशकों को इससे जुड़ी ये 10 बातें जरूर जान लेनी चाहिए-

1) FPO की तारीख

वोडाफोन आइडिया का FPO आगामी 18 अप्रैल को खुलेगा और 22 अप्रैल 2024 को बंद होगा।


2) प्राइस बैंड (Price Band)

FPO के लिए 10 से 11 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है।

3) रिटेल निवेशकों के लिए 35% हिस्सा आरक्षित

यह FPO पूरी तरह से नए शेयरों का है। यानी इस FPO के जरिए जुटाई गई सारी रकम कंपनी के खाते में जाएगी। FPO का करीब 50 प्रतिशत क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए और बाकी 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित है।

4) FPO जारी करने का उद्देश्य

वोडाफोन आइडिया ने बताया कि वह FPO के जरिए जुटाई गई रकम में से 12,750 करोड़ रुपये का नई 4G साइटें लगाने, मौजूदा 4G साइटों की क्षमता का विस्तार और नई 5G साइटें लगाने में करेगी। वहीं 2,175.31 करोड़ रुपये का इस्तेमाल टेलीकॉम डिपार्टमेंट और GST डिपार्टमेंट को स्पेक्ट्रम का भुगतान करने में किया जाएगा। बाकी धनराशि का इस्तेमाल कंपनी दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

5) लॉट साइज

निवेशक इस FPO के लिए लॉट साइज में बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में 1,298 शेयर होंगे। 11 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से, 1,298 शेयरों का भाव 14,278 रुपये होगा। यानी निवेशकों को न्यूनतम एक लॉट के लिए 14,278 रुपये का निवेश करना होगा।

6) कंपनी प्रोफाइल

वोडाफोन आइडिया, देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। वहीं एक देश में ग्राहकों की संख्या के आधार पर यह दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। यह 2G, 3G और 4G टेक्नोलॉजी पर वॉयस, डेटा, एंटरप्राइज और SMS सहित दूसरी वैल्यू-एडेड सेवाएं मुहैया कराती है।

7) वित्तीय सेहत

वोडाफोन आइडिया को वित्त वर्ष 2024 के पहले 9 महीनों (अप्रैल-दिसंबर 2023) के दौरान 23,564 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। वहीं कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 32,045 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का प्रति यूजर्स औसत रेवेन्यू बढ़कर 145 रुपये हो गया। दिसंबर 2023 के अंत तक कंपनी पर 2.15 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था। साल 2024 में कंपनी पर 5,385.4 करोड़ रुपये के कर्ज के चुकाने की जिम्मेदारी है।

8) बुक-रनिंग लीड मैनेजर्स

FPO के बुक-रनिंग लीड मैनेजर में जेफरीज, एक्सिस कैपिटल और SBI कैपिटल मार्केट शामिल हैं। वहीं इसकी रजि्ट्रार लिंक इनटाइम है।

9) जोखिम

- 31 दिसंबर 2023 तक के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी को वेंडर्स और खासतौर से टावर वेंडर्स व इक्विपमेंट सप्लायर्स को एक बड़ी बकाया राशि चुकानी है।

- कंपनी को हाल की तिमाहियों के दौरान घाटा हुआ है और निकट भविष्य में मुनाफा हासिल करने या मुनाफे में आने की संभावना कमजोर है।

- कंपनी पर बहुत अधिक कर्ज है।

10) अलॉटमेंट की तारीख

FPO के तहत जारी शेयरों का आवंटन 23 अप्रैल को होगा। सफल निवेशकों के डीमैट खाते में 24 अप्रैल तक शेयर क्रेडिट हो जाएंगे।

यह भी पढ़ें- Deepak Builders & Engineers लाएगी IPO, SEBI के पास दाखिल किए कागजात

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।