Waaree Energies IPO: सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी वारी एनर्जीज (Waaree Energies) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) अगले हफ्ते 21 अक्टूबर से बोली के लिए खुलेगा। वहीं 23 अक्टूबर को यह आईपीओ बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए यह आईपीओ एक दिन पहले 18 अक्टूबर को खुलेगा। कंपनी अपने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड का ऐलान अगले एक-दो दिनों में करेगी। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, वारी एनर्जीज के आईपीओ में 3,6000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों की ओर से करीब 48 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। इसमें कंपनी के प्रमोटर वारी सस्टेनेबल फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेज और शेयरधारक चंदुरकर इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
मुंबई मुख्यालय वाली Waaree Energies ने बताया कि वह आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल ओडिशा में 6GW (गीगावाट) की इंगोट वेफर, सोलर सेल और सोलर PV मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने में करेगी। इसके अलावा, इसका एक हिस्सा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा।
वारी एनर्जीज की गिनती देश के सोलर इंडस्ट्री की प्रमुख कंपनियों में होती है। जून 2023 तक के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के पास 12 गीगावाट की कुल स्थापित क्षमता है और इसका फोकस PV मॉड्यूल की मैन्युफैक्चरिंग पर है।
कंपनी के पास कुल मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है। इसमें चार गुजरात (सूरत, तुंब, नंदीग्राम और चिखली) में और एक उत्तर प्रदेश के नोएडा में इंडोसोलर फैसिलिटी है। वित्त वर्ष 2024 के दौरान वारी एनर्जी के रेवेन्यू में 70 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और शुद्ध मुनाफा करीब 155 फीसदी बढ़ा।
कंपनी ने इससे पहले सितंबर 2021 में आईपीओ लाने के लिए SEBI के पास आवेदन जमा कराया थे, लेकिन बाद में उसने इस योजना का टाल दिया था। वारी एनर्जीज के शेयरों का आवंटन 24 अक्टूबर को होने की उम्मीद है। वहीं बीएसई और एनएसई पर 28 अक्टूबर 2024 को इसकी लिस्टिंग हो सकती है।