मुंबई स्थित क्रूज ऑपरेटर वॉटरवेज लीश़र टूरिज्म का IPO 23 जून को खुलने वाला है। कंपनी का इरादा 585 करोड़ रुपये जुटाने का है। वॉटरवेज लीश़र टूरिज्म, कॉर्डेलिया क्रूज ब्रांड के तहत कारोबार चलाती है। देश में पहली बार किसी क्रूज ऑपरेटर का IPO आ रहा है। कॉर्डेलिया क्रूज भारत की प्रीमियम क्रूज लाइन है। पब्लिक इश्यू में 72 लाख नए शेयर जारी होंगे। ऑफर फॉर सेल नहीं होगा। इसलिए, IPO की पूरी कमाई कंपनी के पास जाएगी। ग्लोबल शिपिंग एंड लीजर और राजेश चंदूमल होतवानी, वॉटरवेज लीश़र टूरिज्म के प्रमोटर हैं, जिनके पास 99.27 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
IPO में 25 जून तक 769-808 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड में निवेश किया जा सकेगा। लॉट साइज 18 शेयर है। इश्यू बंद होने के बाद अलॉटमेंट 29 जून को फाइनल हो सकता है। शेयरों की लिस्टिंग NSE और BSE पर 1 जुलाई को होने की उम्मीद है। इस इश्यू में एंकर निवेशक 22 जून को बोली लगा सकेंगे।
वॉटरवेज लीश़र टूरिज्म ने जून 2025 में कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास IPO का ड्राफ्ट जमा किया था। कंपनी का क्रूज वेसल 'MV Empress' मुख्य रूप से मुंबई, गोवा, कोच्चि, चेन्नई, लक्षद्वीप, विशाखापत्तनम और पुडुचेरी जैसे घरेलू गंतव्यों के लिए रवाना होता है। साथ ही कुछ अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों जैसे कि श्रीलंका, थाइलैंड, सिंगापुर और मलेशिया के लिए भी रवाना होता है।
कंपनी की शुरुआत एनआरआई राजेश होतवानी ने मुंबई के हितेश वकील के साथ मिलकर की थी। होतवानी 20 वर्षों से मॉरीशस में रह रहे हैं। IPO के लिए सेंट्रम ब्रोकिंग लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd. है। इश्यू में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। वॉटरवेज लीश़र टूरिज्म का शेयर ग्रे मार्केट में 2.97 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
Waterways Leisure Tourism अपने IPO से हासिल इनकम में से 480 करोड़ रुपये का इस्तेमाल डिपॉजिट/एडवांस्ड लीज किराए के लिए और स्टेप-डाउन सब्सिडियरी 'बेक्रूज शिपिंग एंड लीजिंग (IFSC) प्राइवेट लिमिटेड' को पट्टे पर जहाजों की खरीद के लिए मंथली लीज के पेमेंट को लेकर करेगी। बाकी पैसों का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
Waterways Leisure Tourism की वित्तीय स्थिति
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 52.14 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। इससे पहले के वित्त वर्ष में कंपनी को 168.19 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वित्त वर्ष 2026 में इनकम 586.99 करोड़ रुपये रही, जो वित्त वर्ष 2025 में 597.68 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी पर 101.90 करोड़ रुपये की उधारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।