Ola Electric में भाविश अग्रवाल की नहीं बल्कि Hyun Shik Park की है सबसे ज्यादा सैलरी, कौन हैं यह शख्स और क्या है रोल

Ola Electric के फाउंडर भाविश अग्रवाल को वित्त वर्ष 2024 में 2.88 करोड़ रुपये का कंपंजेशन पैकेज मिला। चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर हरीश अबीचंदानी ने वित्त वर्ष 2024 में 1.67 करोड़ रुपये सैलरी के तौर पर कमाए। ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलोजिज में चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर शॉन विलियम कैल्वर्ट को वित्त वर्ष 2024 में 4.79 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया

अपडेटेड Jul 30, 2024 पर 10:01 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ह्यून शिक पार्क, ओला सेल टेक्नोलोजिज के चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर हैं।

इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) का IPO 2 अगस्त को खुलने जा रहा है। 6000 करोड़ रुपये से ज्यादा के इस पब्लिक इश्यू के चलते कंपनी काफी चर्चा में है। साथ ही इसमें टॉप पोजिशंस पर मौजूद एग्जीक्यूटिव्स की सैलरी की भी चर्चा हो रही है। वित्त वर्ष 2024 में ओला इलेक्ट्रिक में सबसे ज्यादा सैलरी न तो इसके फाउंडर-चेयरमैन भाविश अग्रवाल को मिली और न ही चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर या चीफ टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट ऑफिसर या व्हीकल इंजीनियरिंग हेड को।

कंपनी में गुजरे वित्त वर्ष में सबसे अधिक वेतन पाने वाले व्यक्ति हैं ह्यून शिक पार्क। पार्क एक बैटरी मैन्युफैक्चरिंग स्पेशलिस्ट हैं, जिन्होंने दक्षिण कोरियाई समूह एलजी में 36 साल से अधिक वक्त तक काम किया हुआ है। पार्क 2023 में ओला इलेक्ट्रिक के साथ जुड़े। वह बैटरी बनाने के लिए जोड़े जाने वाले सेल्स के बड़े पैमाने पर उत्पादन को सुनिश्चित करने के लिए ओला की गीगाफैक्ट्री में ऑपरेशंस के इंचार्ज हैं। उनका औपचारिक पद, ओला सेल टेक्नोलोजिज के चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर का है। यह कंपनी, ओला इलेक्ट्रिक के पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी है।

कितनी रही पार्क की सैलरी


Ola Electric के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, पार्क को वित्त वर्ष 2024 में 8.7 करोड़ रुपये का वेतन मिला। इसके अलावा पार्क को वित्त वर्ष के दौरान ओला इलेक्ट्रिक में 17.3 लाख शेयर दिए गए, जिनकी कीमत IPO के बाद 13 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। पार्क ने दक्षिण कोरिया की बुसान नेशनल यूनिवर्सिटी से केमिस्ट्री में ग्रेजुएशन करने के बाद 1987 में चेओन्गजू में एलजी में प्रोडक्शन इंजीनियर के रूप में काम करना शुरू किया। , जैसा कि उनके लिंक्डइन प्रोफाइल से पता चलता है। वह 2006 में एलजी एनर्जी सॉल्यूशन के लिए ऑटोमोटिव बैटरी के प्रमुख के पद पर पहुंचे।

इसके बाद उन्होंने एलजी की बैटरी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का प्रबंधन किया। फिर कंपनी में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और मोबाइल बैटरी डिवीजन के हेड भी बने और कई अन्य महत्वपूर्ण रोल भी निभाए।

शुरू हो चुकी है ओला गीगाफैक्ट्री

तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में 110 एकड़ में फैली ओला गीगाफैक्ट्री ने 5 GWh (गीगावाट घंटे) की शुरुआती फुल कैपेसिटी के साथ ऑपरेशंस शुरू कर दिए हैं। योजना इसे धीरे-धीरे 100 GWh तक बढ़ाने की है। ओला प्रमुख भाविश अग्रवाल ने 30 जुलाई को कहा कि सेल निश्चित रूप से ईवी का दिल है, यहां तक ​​कि लागत के मामले में भी। किसी भी सामान्य ईवी की कुल लागत में से एक तिहाई, सेल बनाने में खर्च होता है।

Ola Electric IPO: विजय शेखर शर्मा, जोया और फरहान अख्तर अपने निवेश पर 26% फायदे में

ओला इलेक्ट्रिक में बाकी टॉप एग्जीक्यूटिव्स की कितनी सैलरी

ओला इलेक्ट्रिक के फाउंडर भाविश अग्रवाल को वित्त वर्ष 2024 में 2.88 करोड़ रुपये का कंपंजेशन पैकेज मिला। कंपनी के बोर्ड ने पिछले साल दिसंबर में एक नए सैलरी स्ट्रक्चर को मंजूरी दी थी, जिसके तहत उन्हें अगले 5 सालों के लिए 9 करोड़ रुपये (वेरिएबल पे सहित) तक का वेतन मिलेगा। कंपनी में एक और विदेशी जो बड़ा वेतन ले रहा है, वह हैं शॉन विलियम कैल्वर्ट। कैल्वर्ट ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलोजिज में चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर हैं।

कैल्वर्ट को वित्त वर्ष 2024 में 4.79 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। ओला इलेक्ट्रिक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर हरीश अबीचंदानी ने वित्त वर्ष 2024 में 1.67 करोड़ रुपये सैलरी के तौर पर कमाए। उन्हें 25.3 लाख शेयरों का कर्मचारी स्टॉक विकल्प अनुदान भी मिला। इन शेयरों की कीमत आईपीओ में 18 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।

Ola Electric IPO में निवेश का है मूड? ये 8 बातें डुबा सकती हैं पैसे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।