Yasons Chemex Care IPO : यासोन्स केमेक्स केयर के आईपीओ को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली और यह कुल 59.60 गुना सब्सक्राइब हुआ है। यह इश्यू 24 जुलाई से 26 जुलाई तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। कंपनी का मकसद आईपीओ के माध्यम से 20.57 करोड़ रुपये जुटाने का है। इश्यू का प्राइस बैंड 40 रुपये प्रति शेयर था। सब्सक्रिप्शन खत्म होने के बाद भी ग्रे मार्केट से इश्यू को लेकर मजबूत संकेत मिल रहे हैं। शेड्यूल के मुताबिक सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 31 जुलाई को होगा। वहीं, असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 3 अगस्त को होगी।
ग्रे मार्केट का लेटेस्ट अपडेट
ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर मजबूत डिमांड है। अनलिस्टेड मार्केट में यह इश्यू आज 10 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है, जबकि अपर प्राइस बैंड 40 रुपये का है। इसका मतलब है कि शेयरों की लिस्टिंग 50 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसाा होता है तो निवेशकों को 25 फीसदी का शानदार मुनाफा होगा।
59.60 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू
यासन्स केमेक्स केयर का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक कुल 59.60 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इस इश्यू को खुदरा निवेशकों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 68.76 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसके अलावा, नॉन-इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 47.71 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी को ऑफर पर 5,142,000 शेयरों के मुकाबले 29,03,55,000 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुई हैं।
Yasons Chemex Care की डिटेल्स
यह कंपनी डाईज और पिगमेंट पेस्ट और एफएमसीजी प्रोडक्ट्स बनाती है। इसके प्रोडक्ट्स की बिक्री 'PLXO' ब्रांड से होती है। इसके गुजारत में दो प्लांट हैं। इसमें एक प्लांट में डाईज और पिगमेंट पेस्ट बनता है। वहीं दूसरे प्लांट में एफएमसीजी प्रोडक्ट तैयार होते हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इसे 1.16 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो वित्त वर्ष 2021 में बढ़कर 1.25 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2022 में 1.95 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2023 में 3.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।