Yatharth Hospital IPO : प्राइवेट सुपर-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल चेन यथार्थ हॉस्पिटल और ट्रॉमा केयर सर्विसेज के आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली। यह इश्यू 26-28 जुलाई के दौरान 36.15 गुना सब्सक्राइब हुआ है। अब निवेशकों की निगाह शेयर अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है। शेड्यूल के मुताबिक शेयर अलॉटमेंट की तारीख 2 अगस्त और लिस्टिंग की तारीख 7 अगस्त है। शानदार सब्सक्रिप्शन के बाद ग्रे मार्केट में इश्यू का जलवा अब भी बरकरार है। इस आईपीओ के जरिए कंपनी 686.55 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है।
यथार्थ हॉस्पिटल और ट्रॉमा केयर सर्विसेज के शेयरों को ग्रे मार्केट प्रीमियम में अच्छी डिमांड मिल रही है, खासकर पिछले हफ्ते आईपीओ को मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद। अनलिस्टेड मार्केट में यह इश्यू आज 85 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि 300 रुपये के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से शेयरों की लिस्टिंग 385 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 28 फीसदी का बंपर मुनाफा होगा।
एनालिस्ट्स ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 28 जुलाई को इश्यू बंद होने के दिन इसके शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम 20 फीसदी था और अब यह बढ़कर 28 फीसदी से अधिक हो गया है।
36.15 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू
इस आईपीओ को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली और यह 36.15 गुना सब्सक्राइब हुआ है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (QIB) के लिए रिजर्व हिस्से को 85.1 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं, रिटेल निवेशकों के हिस्से को 8.34 गुना और हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल के हिस्से को 37.22 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।
स्टॉक्सबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट प्रथमेश मस्देकर ने कहा, "हमारा मानना है कि यथार्थ हॉस्पिटल आईपीओ के लिए अच्छे प्रीमियम की कई वजहें हैं। वित्त वर्ष 2023 में बिस्तरों की संख्या के मामले में कंपनी के अस्पताल (यानी नोएडा एक्सटेंशन और ग्रेटर नोएडा) दिल्ली एनसीआर में आठवें और दसवें सबसे बड़े निजी अस्पताल हैं।" इसके अलावा, उन्होंने कहा कि कंपनी की एडवांस फैसिलिटी, इसकी डायवर्स स्पेशलाइजेशन के चलते यह अन्य प्रतिस्पर्धियों से आगे है।
Yatharth Hospital के बारे में डिटेल्स
यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और नोएडा एक्सटेंशन यानी दिल्ली एनसीआर में तीन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल हैं। इसके अलावा इसने उत्तर प्रदेश के झांसी के पास मध्य प्रदेश के ओरछा में 305 बेड वाले मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल का अधिग्रहण किया है। इस अधिग्रहण के बाद इसकी क्षमता बढ़कर 1,405 बेड की हो गई है। 31 मार्च, 2023 तक उपलब्ध आंकड़ों के हिसाब से इसमें 609 डॉक्टर हैं।