Yatharth Hospital IPO : नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज का आईपीओ कल यानी 26 जुलाई को खुलने वाला है। इस आईपीओ में 28 जुलाई तक निवेश किया जा सकेगा। कंपनी ने इश्यू के लिए 285-300 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से हॉस्पिटल चेन 686.55 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस आईपीओ में फ्रेश इश्यू के साथ ही ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत शेयर ऑफर किए जाएंगे। इश्यू को लेकर ग्रे मार्केट से पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अनलिस्टेड मार्केट में कंपनी के शेयर 75 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं।
इश्यू के तहत 490 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों द्वारा 65.51 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री OFS के तहत की जाएगी। OFS के जरिए शेयर बेचने वालों में प्रमोटर विमला त्यागी, प्रेम नारायण त्यागी और नीना त्यागी शामिल हैं।
निवेशक न्यूनतम 50 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशक अपर प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए न्यूनतम 15000 रुपये का निवेश कर सकते हैं। वे 1.95 लाख रुपये में अधिकतम 13 लॉट खरीद सकते हैं। इश्यू साइज का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 15 फीसदी हाई-नेट वर्थ इंडिविजुअल (HNI) के लिए और शेष 35 फीसदी रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित किया गया है।
प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए जुटाए 120 करोड़
यथार्थ हॉस्पिटल ने 18 जुलाई को SEBI के पास अपने बुक-बिल्ट ऑफर के लिए DRHP दाखिल किया। एक्चुअल फ्रेश इश्यू साइज 610 करोड़ रुपये था, जिसे बाद में घटाकर 490 करोड़ रुपये कर दिया गया। दरअसल, 6 जुलाई को 300 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 40 लाख शेयरों के प्राइवेट प्लेसमेंट (प्री-आईपीओ प्लेसमेंट) के माध्यम से 120 करोड़ रुपये जुटाए थे।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
आईपीओ के जरिए मिलने वाली राशि का इस्तेमाल फंड री-पेमेंट, हॉस्पिटल के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर और अधिग्रहण और अन्य स्ट्रेटेजिक पहलों के माध्यम से इनऑर्गेनिक ग्रोथ इनिशिएटिव की फंडिंग के लिए किया जाएगा। इसके अलावा, फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी होगा।
पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए इश्यू खुलने से एक दिन पहले एंकर बुक आज खुलेगी। शेड्यूल के मुताबिक सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 2 अगस्त को होगा। असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू होने की संभावना है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 7 अगस्त को होगी। इंटेंसिव फिस्कल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, एंबिट प्राइवेट लिमिटेड, IIFL सिक्योरिटीज लिमिटेड और लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।
मार्च 2023 को समाप्त तिमाही में हॉस्पिटल चेन ने ऑपरेशन से 520.29 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 228.67 करोड़ रुपये से अधिक है। इस अवधि में मुनाफा 65.76 करोड़ रुपये रहा, जो FY22 की चौथी तिमाही में 19.58 करोड़ रुपये था।
हॉस्पिटल चेन वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में स्थित तीन सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल और मध्य प्रदेश में एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल संचालित करती है, जिनकी कुल क्षमता 1,405 बेड्स की है। इसके अस्पताल दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के टॉप 10 प्राइवेट अस्पतालों में शुमार हैं। कंपनी से 600 से अधिक डॉक्टर जुड़े हुए हैं।