Yatharth Hospital IPO : आईपीओ से पहले एंकर निवेशकों से जुटाए 206 करोड़ रुपये, जानिए डिटेल

Yatharth Hospital IPO : यथार्थ हॉस्पिटल ने इश्यू के लिए 285-300 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी 686.55 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस आईपीओ में फ्रेश इश्यू के साथ ही ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत शेयर ऑफर किए जाएंगे

अपडेटेड Jul 25, 2023 पर 9:55 PM
यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज ने आईपीओ खुलने से पहले 25 जुलाई को एंकर बुक के जरिए 205.96 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

Yatharth Hospital IPO : नोएडा स्थित हॉस्पिटल चेन यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज ने आईपीओ खुलने से पहले 25 जुलाई को एंकर बुक के जरिए 205.96 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह इश्यू कल यानी 26 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 28 जुलाई को बंद हो जाएगा। एक्सचेंजों को अपनी फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि उसने 18 एंकर निवेशकों को 300 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर 68,65,506 इक्विटी शेयरों के आवंटन को अंतिम रूप दे दिया है।

इन एंकर निवेशकों ने लिया हिस्सा

एंकर बुक में भाग लेने वाले प्रमुख निवेशकों में ICICI प्रूडेंशियल, निप्पॉन लाइफ, HDFC म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ ट्रस्टी, बंधन म्यूचुअल फंड, HSBC ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फंड, SBI लाइफ इंश्योरेंस, ट्रू कैपिटल, कारेलियन कैपिटल, बीएनपी पारिबा आर्बिट्रेज, गोल्डमैन सैक्स, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस, कोटक महिंद्रा लाइफ और ज्यूपिटर इंडिया फंड शामिल हैं।


आईपीओ से जुड़ी डिटेल

यथार्थ हॉस्पिटल ने इश्यू के लिए 285-300 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी 686.55 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस आईपीओ में फ्रेश इश्यू के साथ ही ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत शेयर ऑफर किए जाएंगे। इश्यू के तहत 490 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों द्वारा 65.51 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री OFS के तहत की जाएगी। OFS के जरिए शेयर बेचने वालों में प्रमोटर विमला त्यागी, प्रेम नारायण त्यागी और नीना त्यागी शामिल हैं।

हॉस्पिटल चेन के बारे में

हॉस्पिटल चेन वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में स्थित तीन सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल और मध्य प्रदेश में एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल संचालित करती है, जिनकी कुल क्षमता 1,405 बेड्स की है। इसके अस्पताल दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के टॉप 10 प्राइवेट अस्पतालों में शुमार हैं। कंपनी से 600 से अधिक डॉक्टर जुड़े हुए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।