Yatra Online IPO : ट्रैवल सर्विसेज प्रोवाइडर यात्रा ऑनलाइन के आईपीओ को निवेशकों से फीका रिस्पॉन्स मिल रहा है। आज सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन तक यह इश्यू महज 30 फीसदी सब्सक्राइब हो सका है। हालांकि, रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व हिस्सा पूरी तरह भर गया है। आईपीओ को अब तक 84.06 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिली है, जबकि ऑफर पर 3.09 करोड़ शेयर हैं। इस आईपीओ के लिए कंपनी ने प्रति शेयर 135-142 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। निवेशकों के पास 20 सितंबर तक निवेश का मौका है।
सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
इस आईपीओ में सबसे ज्यादा दिलचस्पी रिटेल निवेशकों ने दिखाई है और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 1.34 फीसदी सब्सक्राइब हो गया है। हालांकि, अन्य कैटेगरी को अब तक फीका रिस्पॉन्स मिला है।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 6 फीसदी
नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) - 9 फीसदी
रिटेल निवेशक - 1.34 फीसदी
(BSE,18 Sep 2023 | 05:00:00 PM)
ग्रे मार्केट में क्या है हाल?
मार्केट ऑब्जर्वर के अनुसार यात्रा ऑनलाइन का ग्रे मार्केट प्रीमियम जीरो है। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को पब्लिक इश्यू से लिस्टिंग गेन मिलने की उम्मीद नहीं है। हालांकि अन-लिस्टेड मार्केट का जीएमपी सेंटीमेंट के आधार पर बदलता रहता है।
इस आईपीओ के तहत 602 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 1.218 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जा रही है। अपर प्राइस बैंड पर कुल इश्यू साइज 775 करोड़ रुपये है, जबकि फर्म का मूल्य 2230 करोड़ रुपये है। सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 25 सितंबर को होगा। वहीं, इक्विटी शेयर 26 सितंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में जमा किए जाएंगे। कंपनी 29 सितंबर को एक्सचेंजों पर लिस्ट होगी।
यात्रा ऑनलाइन का दावा है कि वह कॉर्पोरेट क्लाइंट्स की संख्या के मामले में भारत की सबसे बड़ी कॉर्पोरेट ट्रैवल सर्विस प्रोवाइडर है। इसके अलावा, यह FY23 के लिए ग्रॉस बुकिंग रेवेन्यू और ऑपरेटिंग रेवेन्यू के मामले में प्रमुख OTA (ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी) प्लेयर्स के बीच भारत में तीसरी सबसे बड़ी ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी है। मार्च FY23 तक 21,05,600 से अधिक टाई-अप के साथ प्रमुख घरेलू ओटीए प्लेयर्स के बीच इसके पास होटल और आवास टाई-अप की सबसे बड़ी संख्या है।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)