Yatra Online IPO : कॉर्पोरेट ट्रैवल सर्विस प्रोवाइडर Yatra Online का आईपीओ 15 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। इस आईपीओ के तहत 602 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों और निवेशकों द्वारा 1.21 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। कंपनी की ओर से अगले कुछ दिनों में प्राइस बैंड की घोषणा की जाएगी। पब्लिक इश्यू 20 सितंबर को बंद होगा। वहीं, एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 14 सितंबर को खुलेगा।
OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर THCL ट्रैवल होल्डिंग साइप्रस 17,51,739 इक्विटी शेयर बेचेंगे। वहीं, निवेशक पंडारा ट्रस्ट - स्कीम I ओएफएस के माध्यम से अपने पूरे 4,31,360 शेयर बेचकर कंपनी से बाहर निकलने की योजना बना रहा है। तीसरी सबसे बड़ी ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी ने राइट्स इश्यू से 62.01 करोड़ रुपये जुटाए हैं और THCL को 236 रुपये के इश्यू प्राइस पर 26,27,697 शेयर आवंटित किए हैं, जो प्री-आईपीओ प्लेसमेंट का एक हिस्सा है।
इसलिए, 750 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू का साइज 148 करोड़ रुपये कम कर दिया गया है, जिसमें 62.01 करोड़ रुपये का प्री-आईपीओ प्लेसमेंट शामिल है। इसके बाद फ्रेश इश्यू 602 करोड़ रुपये का है। एसबीआई कैपिटल मार्केट्स, डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स और IIFL सिक्योरिटीज इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
कंपनी रणनीतिक निवेश, अधिग्रहण और इनऑर्गेनिक ग्रोथ के लिए 150 करोड़ रुपये के फंड का इस्तेमाल करेगी। इसके अलावा, ग्राहक अधिग्रहण, टेक्नोलॉजी और अन्य ऑर्गेनिक ग्रोथ इनिशिएटिव में निवेश किया जाएगा। इसके लिए कुल राशि 392 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। शेष फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
प्रमोटर THCL ट्रैवल होल्डिंग साइप्रस के पास यात्रा ऑनलाइन में 88.91 फीसदी और एशिया कंसोलिडेटेड डीएमसी पीटीई लिमिटेड में 9.68 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं, नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट्स 0.95 फीसदी और रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी कंपनी रिलायंस रिटेल 0.08 फीसदी हिस्सेदारी के साथ कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डर हैं।
यात्रा ऑनलाइन का दावा है कि वह कॉर्पोरेट क्लाइंट्स की संख्या के मामले में भारत की सबसे बड़ी कॉर्पोरेट ट्रैवल सर्विस प्रोवाइडर है। इसके अलावा, यह FY23 के लिए ग्रॉस बुकिंग रेवेन्यू और ऑपरेटिंग रेवेन्यू के मामले में प्रमुख OTA (ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी) प्लेयर्स के बीच भारत में तीसरी सबसे बड़ी ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी है। मार्च FY23 तक 21,05,600 से अधिक टाई-अप के साथ प्रमुख घरेलू ओटीए प्लेयर्स के बीच इसके पास होटल और आवास टाई-अप की सबसे बड़ी संख्या है।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)