तेलुग देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख चंद्रबाबु नायडू को इस बार सत्ता में लौटने का भरोसा है। राजनीति में चार दशक से ज्यादा अनुभव रखने वाले नायडू ने न्यूज18 को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में देश और राज्य की राजनीति के बारे में कई अहम बातें बताईं। आंध्र प्रदेश उन राज्यों में शामिल है, जहां लोकसभा चुनावों के साथ विधानसभा के चुनाव भी हो रहे हैं। इसलिए यह चुनाव नायडू के पॉलिटिकल करियर का सबसे अहम चुनाव है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में आंध्र प्रदेश की दुर्दशा हुई है। इसकी एक बड़ी वजह राज्य का दो हिस्सों में बंटवारा है।
आंध्र के हित में एनडीए से अलग होने का लिया था फैसला
टीडीपी प्रमुख ने कहा कि उन्होंने यूनाइटेड आंध्र प्रदेश के लिए बहुत कुछ किया। उन्होंने कहा कि राज्य को विशेष दर्जा के मसले पर उन्होंने NDA से बाहर जाने का फैसला किया। यह भी एक ऐसा वादा है, जो कभी पूरा नहीं किया गया। राज्य की जगन मोहन रेड्डी की सरकार पर पिछले पांच सालों में कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मेरे लिए आंध्र के लोगों की भावनाएं सबसे अहम हैं।
पिछले साल सितंबर में हुई थी नायडू की गिरफ्तारी
पिछले साल सितंबर में स्किल डेवलपमेंट घोटाले में नायडू की गिरफ्तारी के बाद रेड्डी के साथ उनके रिश्ते बहुत खराब हो गए। ऐसे में सवाल यह है कि अगर नायडू विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करते हैं तो क्या वे इसका बदला लेंगे? इस बारे में पूछने पर नायडू ने एक सधे राजीनितज्ञ की तरह जवाब दिया। उन्होंने कहा, "मेरे मन में उनके (रेड्डी) के खिलाफ क्यों कुछ होगा? मैं उनके पिता को लंबे समय से जानता था। लेकिन जगन एक अलग किस्म के व्यक्ति हैं। वह ऐसे व्यक्ति हैं जो विरोध की हर आवाज को दबा देना चाहते हैं। इनमें राजनीतिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता से लेकर आम आदमी तक शामिल है।"
कभी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी से लेकर नरेंद्र मोदी की सरकार तक उन्होंने कई बड़ी जिम्मेदारियां संभाली। लेकिन, कोई उनकी ईमानदारी पर सवाल नहीं उठा सकता। उन्होंने जगन को आंध्र का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री तक कह दिया। 74 साल के नायडू ने कहा, "मैं सार्वजनिक जीवन में पिछले 45 साल से हूं। कोई मुझे भ्रष्ट नहीं कह सकता। मुझ याद है कि जगन के पिता हर चुनावों से पहले कोर्ट जाते थे। कोर्ट यह कहकर उन्हें वापस भेज देता था कि नायूड के खिलाफ सबूत लेकर आइए। इस व्यक्ति (जगन) ने मुझे सिंगल नोटिस तक नहीं भेजा और मेरे बारे में भ्रष्टाचार की कहांनियां तैयार कराई। मुझे बगैर प्रूफ के गिरफ्तार कर लिया गया।"
नायडू को इस बार राज्य में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि एनडीए इस बार राज्य की 25 में से 25 सीटें जीतेगी। विधानसभा में हम 160 से ज्यादा सीटें हासिल करेंगे। राज्य में 13 मई को लोकसभा और विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। राज्य में विधानसभी की कुल 175 सीटें हैं।