Arvind Kejriwal Arrested: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल (Arvind Kejriwal’s wife Sunita Kejriwal) ने शुक्रवार को 'केजरीवाल को आशीर्वाद (Kejriwal Ko Aashirwaad)' नामक एक अभियान शुरू किया। उन्होंने लोगों से अपने पति का समर्थन करने की अपील की जो दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में हैं। सुनीता केजरीवाल ने लोगों के लिए एक WhatsApp नंबर जारी किया और अपील की कि वे इस नंबर पर अपना मैसेज सीएम तक भेज सकते हैं।
सीएम अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉंड्रिंग केस में ED ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। एक अदालत ने ED की उनकी हिरासत 1 अप्रैल तक बढ़ा दी है। सुनीता केजरीवाल ने कहा, "मैं आपको (जनता) WhatsApp नंबर 8297324624 दे रही हूं। आप इस पर मैसेज भेजकर अपने अरविंद को आशीर्वाद भेज सकते हैं।'' सुनीता ने एक डिजिटल प्रेस वार्ता में कहा कि उनके पति ने देश में सबसे भ्रष्ट और तानाशाही ताकतों को चुनौती दी है।
उन्होंने लोगों से अपने आशीर्वाद और प्रार्थनाओं के माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री का समर्थन करने को कहा है। उन्होंने एक WhatsApp नंबर जारी कर कहा कि लोग आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक के लिए अपने आशीर्वाद, प्रार्थनाएं या अन्य कोई संदेश भेज सकते हैं और वह अपने पति तक उन्हें पहुंचा देंगी।
'रोम-रोम में बसी है देशभक्ति'
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 30 साल से मैं उनके साथ हूं, देशभक्ति उनके रोम-रोम में बसी है। सुनीता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश की सबसे भ्रष्टाचारी, तानाशाही ताकतों को ललकारा है। उन्होंने कहा कि आपने अरविंद केजरीवाल को अपना भाई अपना बेटा कहा है, क्या आप इस लड़ाई में अपने भाई अपने बेटे का साथ नहीं देंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब साथ मिलकर ये लड़ाई लड़ेंगे।
सुनीता केजरीवाल ने गुरुवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें बहुत परेशान किया जा रहा है। केजरीवाल के मामले की सुनवाई के दौरान सुनीता भी अदालत में मौजूद थीं। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा, "उनकी तबीयत ठीक नहीं है। उनके शर्करा स्तर (शुगर लेवल) में उतार-चढ़ाव हो रहा है। उन्हें बहुत परेशान किया जा रहा है। यह अत्याचार नहीं चलेगा...जनता जवाब देगी।"
केजरीवाल की गिरफ्तारी पर UN का बयान
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के एक प्रवक्ता ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि भारत तथा किसी भी अन्य देश में, जहां चुनाव हो रहे हैं, लोगों के राजनीतिक और नागरिक अधिकारों की रक्षा की जाएगी और हर कोई एक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष माहौल में मतदान कर पाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और विपक्षी दल कांग्रेस के बैंक खातों से लेनदेन पर रोक के मद्देनजर भारत में आगामी राष्ट्रीय चुनाव से पहले राजनीतिक स्थिति पर एक सवाल के जवाब में गुरुवार को ये टिप्पणियां कीं।
संयुक्त राष्ट्र की इस प्रतिक्रिया से एक दिन पहले अमेरिका ने भी केजरीवाल की गिरफ्तारी तथा कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों से लेनदेन पर रोक लगाये जाने के ऐसे ही सवाल पर प्रतिक्रिया दी थी। केजरीवाल की गिरफ्तारी पर की गईं कुछ टिप्पणियों के विरोध में अमेरिका के एक वरिष्ठ राजनयिक को भारत द्वारा तलब किये जाने के कुछ घंटे बाद बुधवार को वाशिंगटन ने दोहराया था कि वह निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कानूनी प्रक्रियाओं को प्रोत्साहित करता है।
नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने अमेरिकी दूतावास की कार्यवाहक उपप्रमुख ग्लोरिया बरबेना को तलब किया था। यह बैठक 30 मिनट से अधिक समय तक चली थी। भारत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर की गई अमेरिकी विदेश विभाग की टिप्पणी को अनुचित करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा था कि उसे अपनी स्वतंत्र और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाओं पर गर्व है और वह इन्हें किसी भी प्रकार के अनावश्यक बाहरी प्रभाव से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।