Assam Loksabha Election: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने गांधी परिवार पर कटाक्ष किया और उन्हें केवल अमूल (Amul) के प्रचार अभियान के लिए उपयुक्त बताया। उनका ये बयान ऐसे समय में आया, जब कुछ घंटों पहले ही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने जोरहाट में पार्टी उम्मीदवार गौरव गोगोई के लिए प्रचार किया। उन्होंने कहा, "गांधी परिवार को देखने का क्या फायदा? वे अमूल के प्रचार अभियान के लिए फिट दिखते हैं, इसलिए वे अमूल बेबी हैं। अमूल बेबी की एक झलक देखने के बजाए काजीरंगा में गैंडों को देखना ज्यादा अच्छा है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैंने सुना कि (प्रियंका वाड्रा के रोड शो में) लगभग 2,000-3,000 लोग इकट्ठा हुए थे। ये बड़ी बात नहीं है। प्रियंका गांधी को देखने कौन आएगा? लोग काजीरंगा जाकर बाघों, गैंडों को देखना पसंद करेंगे और वहां बिताया गया समय ज्यादा उपयोगी होगा।"
उन्होंने दावा किया कि प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की रैली में "बहुत ही कम" लोग शामिल हुए और काजीरंगा नेशनल पार्क में गैंडों को देखना "ज्यादा फायदेमंद" होगा।
हमें ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ कहने वाला सांसद नहीं चाहिए
गौरव गोगोई की चुनाव जीतने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर, सरमा ने कहा, "कुछ लोग यह कहना चाहते हैं कि गौरव गोगोई एक सक्रिय सांसद थे। मैं किसी को भी चुनौती देता हूं, जो कलियाबोर संसदीय क्षेत्र के लिए उनकी ओर से बोला गया एक भी शब्द मुझे दिखा सके। क्या उन्होंने जोरहाट, माजुली के लिए एक भी शब्द बोला है?"
गौरव गोगोई कलियाबोर से मौजूदा कांग्रेस सांसद हैं, जिसे पिछले साल परिसीमन के बाद काजीरंगा नाम दिया गया था। इस बार वह जोरहाट से चुनाव लड़ रहे हैं और लगातार तीसरी बार लोकसभा पहुंचने की कोशिश में हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, "हमें ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ का नारा लगाने वाले किसी सांसद की जरूरत नहीं है। हमें एक ऐसे सांसद की जरूरत है जो असम की समस्याओं को उठा सके। गौरव, गांधी परिवार के प्रवक्ता हैं। उन्होंने असम के लोगों के लिए एक भी शब्द नहीं बोला है।"
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जोरहाट में पार्टी उम्मीदवार गौरव गोगोई के समर्थन में मंगलवार को रोड शो किया और कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन को लोकसभा चुनाव में जीत हासिल होती है, तो चाय बागान के श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाई जाएगी।