'यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान और 'विकसित भारत' के खिलाफ हैं', RJD-कांग्रेस पर बरसे PM मोदी

Bihar Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर अफवाहें फैलाकर देश के संविधान को राजनीतिक हथकंडे के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को 'विकसित भारत' बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं

अपडेटेड Apr 16, 2024 पर 1:06 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Lok Sabha Elections 2024: पीएम ने कहा कि RJD के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार किसी उद्योग की तरह फला-फूला

bBihar Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने मंगलवार (16 अप्रैल) को बिहार (Bihar) के गया में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और बिहार अपने प्राचीन गौरव की ओर लौटने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये चुनाव विकसित भारत, विकसित बिहार के संकल्प का चुनाव है। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोद ने कहा कि गया की धरती पर जो जनसमर्थन उमड़ा है, उससे साफ पता चलता है कि एक बार फिर मोदी सरकार के प्रति उनका उत्साह है।

पीएम मोदी ने कहा कि अभी 2 दिन पहले BJP ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। ऐसा पहली बार है, जब किसी पार्टी के संकल्प पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है। क्योंकि 10 वर्षों में सबने देखा है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी...।

संविधान बदलने के आरोपों पर विपक्ष पर पलटवार


प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर अफवाहें फैलाकर देश के संविधान को राजनीतिक हथकंडे के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को 'विकसित भारत' बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल सहित विपक्षी नेताओं पर संविधान के साथ राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

पीएम मोदी ने कहा यह चुनाव 'घमंडिया' गठबंधन के नेताओं को सजा देगा। यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को 'विकसित भारत' बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं।" PM मोदी विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) को अक्सर 'घमंडिया' गठबंधन कहते हैं।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संस्थापक जीतन राम मांझी गया लोकसभा सीट से RJD के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव 'विकसित भारत' और 'विकसित बिहार' के लिए है।

'आंबेडकर भी संविधान को नहीं बदल सकते'

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी मुझे अपमानित करने के लिए संविधान के नाम पर झूठ बोल रहे हैं। NDA संविधान का सम्मान करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी और बीजेपी तो क्या स्वयं बाबा साहेब आंबेडकर भी इस संविधान को नहीं बदल सकते हैं, इसलिए विपक्ष झूठ फैलाना बंद करे।

पीएम मोदी ने कहा कि आपके आशीर्वाद से मुझे सेवा करने का अवसर मिला है। मोदी को देश के संविधान ने ये पद दिया है। डॉ. राजेंद्र बाबू और बाबा साहेब अंबेडकर का दिया हुआ ये संविधान न होता, तो कभी ऐसे पिछड़े परिवार में पैदा हुआ गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था।

उन्होंने कहा कि हमारा देश विविधताओं से भरा हुआ है। हर प्रकार की मत-मान्यता और पथ सम्प्रदाय वाला देश है। ऐसे में देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए, नियमों के अंतर्गत आगे बढाने के लिए एक ही पवित्र व्यवस्था हमारा संविधान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माताओं का सपना था कि भारत समृद्ध बने। लेकिन दशकों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस ने मौका गंवा दिया, देश का समय गंवा दिया।

RJD-कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, "घमंडिया अलायंस के पास न कोई विजन है, न कोई विश्वास है। ये लोग जब वोट मांगने जाते हैं, तो भी नीतीश जी के कामों पर वोट मांगते हैं। ये लोग क्यों नीतीश जी और केंद्र सरकार के कामों का क्रेडिट खाते हैं, वो पूरा बिहार जानता है।"

पीएम ने आगे कहा, "RJD ने भी इतने सालों तक राज किया है लेकिन इनकी हिम्मत नहीं है कि अपनी सरकारों ने क्या काम किए, उसकी चर्चा कर लें। बिहार में जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा RJD है। बिहार में भ्रष्टाचार का दूसकरा नाम RJD है...RJD ने बिहार को केवल 2 ही चीजें दी हैं, जंगल राज और भ्रष्टाचार।"

ये भी पढ़ें- UP Lok Sabha Elections 2024: मैनपुरी से डिंपल यादव के खिलाफ BSP ने बदला उम्मीदवार, काशी में पीएम मोदी को टक्कर देंगे लारी

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वो आज राम मंदिर पर कैसी-कैसी भाषाएं बोल रहे हैं। एक समुदाय के तुष्टिकरण के लिए इन लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण ठुकरा दिया। ये हमारे देश के संस्कार नहीं हैं, इस गठबंधन के एक नेता कांग्रेस के युवराज खुलेआम कहते हैं कि वे हिंदु धर्म की शक्ति का विनाश कर देंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।