Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला (Randeep Surjewala) पर उत्तर प्रदेश के मथरा से बीजेपी सांसद हेमा मालिनी (Hema Malini) के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। बीजेपी ने आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि प्रमुख विपक्षी पार्टी महिलाओं से नफरत करती है। बीजेपी के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें कांग्रेस सांसद सत्तारूढ़ दल पर हमला करते हुए हेमा मालिनी के बारे में कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। हालांकि, यह नहीं पता चला कि यह वीडिया कब का है।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने हेमा मालिनी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है, जो न केवल उनके लिए बल्कि सभी महिलाओं के लिए अपमानजनक है।'' उन्होंने सुरजेवाला का वीडियो शेयर करते हुए कहा, "यह राहुल गांधी की कांग्रेस है, जो महिलाओं से नफरत करती है।''
मालवीय ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें सुरजेवाला यह कहते सुनाई दे रहे हैं, "MLA/MP क्यों बनाते हैं? ताकि वो हमारी आवाज़ उठा सकें, हमारी बात मनवायें, इसीलिए बनाते होंगे। कोई हेमा मालिनी तो है नहीं, जो चाटने के लिए बनाते हैं?"
बीजेपी नेता ने कहा कि यह 'राहुल गांधी की कांग्रेस स्त्रीद्वेषी है और महिलाओं से घृणा करती है।' आपको बता दें कि अपने जमाने की मशहूर एक्ट्रेस रह चुकीं हेमा मालिनी इस लोकसभा चुनाव में भी मथुरा से बीजेपी की उम्मीदवार हैं।
इस बीच मंडी से बीजेपी की लोकसभा उम्मीदवार और एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने भी X पर एक पोस्ट कर कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने सुरजेवाला का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "बात मोहब्बत की दुकान खोलने की हुई थी लेकिन कांग्रेस नफरत की दुकान खोल बैठी है। महिलाओं के प्रति गिरी हुई सोच रखने वाले कांग्रेस के नेता अवश्यंभावी हार की हताशा और कुंठा में अपने चरित्र का दिन-ब-दिन पतन कर रहे हैं।"
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नारीशक्ति का अपमान करना ही उनकी पहचान है। पूनावाला ने आगे कहा, ''उन्होंने अतीत में 'जनता' को 'राक्षस' कहा है। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई... वे हमेशा 'महिला विरोधी' रहे हैं। जिस तरह की मानसिकता उन्होंने दिखाई है, उसके लिए नारीशक्ति इस चुनाव में उन्हें निश्चित रूप से दंडित करेगी।''
विवाद बढ़ने के बाद रणदीप सुरजेवाला ने सफाई दी है। उन्होंने कहा, "भाजपा की IT Cell को काट-छांट, तोड़-मरोड़, फर्जी-झूठी बातें फैलाने की आदत बन गई है, ताकि वो हररोज मोदी सरकार की युवा विरोधी, किसान विरोधी, गरीब विरोधी नीतियों-विफलताओं एवं भारत के संविधान को खत्म करने की साजिश से देश का ध्यान भटका सके। पूरा वीडियो सुनिए- मैंने कहा "हम तो हेमा मालिनी जी का भी बहुत सम्मान करते हैं। क्योंकि वो धर्मेंद्र जी से ब्याह रखी हैं, बहु हैं हमारी।"